File Photo
File Photo

Loading

नासिक: पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल (Chhagan Bhujbal) ने कहा कि नोटबंदी (Demonetisation) अब खेल बन गया है। कर्नाटक चुनाव (Karnataka Election) के नतीजे घोषित होने के बाद दो हजार रुपए की नोट को बंद कर दिया गया। पहली नोटबंदी को आठ साल हो गए हैं। इससे कितना काला धन सामने आया? इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने आगे कहा कि आगामी चुनाव को लेकर महाविकास आघाड़ी (Mahavikas Aghadi) में सीट बंटवारे को लेकर कोई भी चर्चा नहीं हुई है। फिर भी नए-नए आंकड़े सामने आ रहे हैं, जिसका हम आनंद ले रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि ईडी और केंद्र सरकार की पुलिस यंत्रणा का उपयोग कैसे किया जा रहा है? यह अब सभी को पता चल गया है। सबसे पहले मुझ पर ईडी का प्रयोग किया गया। तब ईडी के बारे में किसी को भी जानकारी नहीं थी। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि डर का माहौल निर्माण न करें। सत्ताधारियों को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश का पालन करना आवश्यक है। महाविकास आघाड़ी में क्या हो रहा है? इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन बीजेपी के खिलाफ सभी राजनीतिक दलों को एक साथ आने की जरूरत है। 

जयंत पाटिल ने कोई भी गलत कार्य नहीं किया

छगन भुजबल ने कहा कि जयंत पाटिल ने कोई भी गलत कार्य नहीं किया है। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। बीजेपी के पास व्यक्तियों को स्वच्छ करने की मशीन है। इसके माध्यम से वह उनके पास आने वाले व्यक्तियों को स्वच्छ करते हैं। जयंत पाटिल के खिलाफ हो रही कार्रवाई का विरोध करने के लिए आंदोलन किए जा रहे हैं। इसके पीछे यंत्रणा पर दबाव लाने का कोई भी विचार नहीं है। केवल अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है। 

किसी की नियुक्ति से किसी का दबदबा कम नहीं होता

भुजबल ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में हिजाब, बजरंग बली आदि मुद्दे लाए गए। फिर भी हार का सामना करना पड़ा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने नासिक निरीक्षक के पद पर पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे का चयन किया है। इसके बाद समाचार-पत्रों में भुजबल के भविष्य और दबदबे को लेकर टीका टिप्पणी की गई। इस बार में पूछने पर भुजबल ने कहा कि किसी की नियुक्ति से किसी का दबदबा कम नहीं होता। पार्टी के कार्य के लिए चयन किया गया है। इसलिए मेरे बारे जो समाचार प्रकाशित हो रहे हैं, उसमें कोई सत्यता नहीं है।