Nashik Municipal Corporation
File Photo

    Loading

    नासिक: दीपावली (Diwali) का पर्व हर्षोल्लास मनाने के बाद अब राजनीति में सत्ता की महत्वाकांक्षा रखने वालों की नजर नासिक महानगरपालिका चुनाव (Nashik Municipal Elections) पर है। दिसंबर के अंत या जनवरी के पहले सप्ताह तक नासिक महानगरपालिका के चुनाव की घोषणा होने की संभावना के मद्देनजर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 2017 में हुए चुनाव के बाद महानगरपालिका का 5 वर्ष का कार्यकाल मार्च 2022 में समाप्त हो गया है।

    ओबीसी और मराठा आरक्षण (Maratha Reservation) के साथ-साथ विभिन्न मुद्दों पर अदालत में दावे दायर करने के कारण चुनाव प्रक्रिया में देरी हुई। इसके बाद राज्य में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आई। सरकार ने घोषणा की थी कि नासिक महानगरपालिका के चुनाव अक्टूबर महीने में होंगे, लेकिन अक्टूबर माह में भी महानगरपालिका के चुनाव नहीं हुए। अब जबकि दीपावली पर्व समाप्त हो गया है, तो इस बात की संभावना व्यक्त की जा रही है कि महानगरपालिका चुनाव की तिथियां जल्द ही घोषित की जाएंगी।

    बनी हुई हैं असमंजस की स्थिति 

    चुनाव प्रक्रिया में देरी का कारण उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट में शिवसेना के चुनाव चिह्न को लेकर दायर की गई  याचिका रही। दीपावली के त्यौहार के बीच महानगरपालिका चुनाव की ओर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का ज्यादा ध्यान नहीं गया। महानगरपालिका का चुनाव कब होगा, इसको लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई हैं। लोग यह मानकर चल रहे हैं कि दिसंबर के अंत या जनवरी के पहले सप्ताह में चुनावों की घोषणा हो सकती है।

    फरवरी माह में होंगे चुनाव!

    नासिक महानगरपालिका में प्रशासक राज चल रहा है। समय पूरा होने के बाद भी महानगरपालिका चुनाव का ऐलान नहीं किया गया है। वैसे इस बात के प्रबल आसार हैं कि महानगरपालिका के चुनाव फरवरी माह में होंगे। 

    राजनीतिक दलों पर बढ़ा कार्यकर्ताओं का दबाव 

    स्थानीय निकायों के चुनाव में देरी हो रही है, इसलिए राजनीतिक दलों पर भी कार्यकर्ताओं का दबाव बढ़ रहा है। प्रशासनिक व्यवस्था में नागरिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता है। ऐसा लग रहा है कि चुनाव में देरी हुई तो खर्चा भी बढ़ जाएगा, इसलिए राजनीतिक पार्टियों के नेताओं पर दबाव बनाकर महानगरपालिका चुनाव की तिथि जल्द घोषित कराने की मांग की जा रही है।