North Maharashtra Congress

    Loading

    अहमदनगर: देश की आजादी के उपरांत विगत 70 वर्ष में कांग्रेस ( Congress ) द्वारा अमल में लाई  गई विभिन्न  योजनाओं के कारण यह देश समृध्द बना। मजबूत, सामर्थ्यवान और समृध्द भारत के निर्माण में कांग्रेस का योगदान सराहनीय रहा है, लेकिन 7 साल पहले सत्ता में आई भाजपा (BJP) द्वारा लगातार झूठ बोलकर देशववासियों को बरगलाया जा रहा है। 

    जाति-धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों से देश को बचाने के लिए कांग्रेस के हर एक कार्यकर्ता को अधिक प्रभावी रूप से कार्य करना होगा। ऐसी नसीहत कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी एच.के.पाटिल ने दी।

    देश को बीजेपी से बचाने कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प

    राजस्वमंत्री बालासाहब थोरात (Balasaheb Thorat),  पूर्व केंद्रीय मंत्री पल्लम राजू, कांग्रेस के सचिव बी.एम.संदीप, विधायक प्रणिति शिंदे की उपस्थिति में महाराष्ट्र प्रभारी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस की लंबी विरासत रही है। आजादी के बाद कांग्रेस के राज्य में इस देश में खूब प्रगति हुई है, लेकिन केंद्र की मौजूदा बीजेपी सरकार और प्रधानमंत्री झूठ बोल कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कोई भी काम किए बिना केवल झूठे आश्वासन देनेवाली बीजेपी सरकार ने किसान विरोधी तीन काले कानून बना कर किसानों को संकट में डालने का काम किया। इस कारण देश को बीजेपी से बचाने के लिए कांग्रेस ही एकमात्र सक्षम विकल्प है। गरीबों का विकास करने वाला अकेली राजनैतिक दल कांग्रेस है।

    युवाओं के लिए कांग्रेस में बेहतर अवसर

    पाटिल ने कहा कि डिजिटल पंजीकरण अभियान के तहत युवकों को कांग्रेस से जोड़ा जा रहा है। कांग्रेस में युवकों के लिए बेहतर अवसर हैं। महाराष्ट्र में भी एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य उन्होंने रखा। बालासाहब थोरात की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि तीन काले किसान विरोधी कानून को वापस लेने के लिए थोरात के नेतृत्व में चलाया गया 1 करोड़ हस्ताक्षर आंदोलन काफी प्रभावी रहा। थोरात राष्ट्रनिर्माण करनेवाले एक प्रभावी लोकाभिमुख नेता है। महाराष्ट्र,गोवा, कर्नाटक समेत पूरे देश में थोरात लोकप्रिय नेता हैं। थोरात ने कहा कि जाति-धर्म के नाम पर वोट मांगकर सत्ता में आई बीजेपी सरकार देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही है। सोनिया गांधी के नेतृत्व में यूपीए सरकार ने देश के हर एक नागरिक के लिए रोजगार कानून, अन्न सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य कानून, शिक्षा कानून जैसे महत्वपूर्ण कानून दिए हैं।

    जोरदारी वापसी करेगी कांग्रेस: बालासाहेब थोरात

    थोरात ने कहा कि राज्य में महाविकास आघाड़ी सरकार के सत्ता में आते ही किसानों की कर्जमाफी की गई। उसी तरह संकटों के समय  यह सरकार जनता के साथ खड़ी रही है। अनेक संकटों का सामना करते हुए कांग्रेस आगे बढ़ रही है। दिवंगत इंदिरा गांधी के कार्यकाल में भी कांग्रेस को काफी संघर्ष करना पड़ा था। बाद में कांगेस ने फिर से उड़ान भरी। इसलिए कांग्रेस के संगठन को अधिक मजबूत करना जरूरी है। आनेवाले समय में पक्षाध्यक्षा सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पूरे देश में जोरदार वापसी करेगी। ऐसा विश्वास इस समय  थोरात ने जताया। प्रणिती शिंदे, हीरामण खोसकर, शिरिष चौधरी,पूर्व मंत्री पद्माकर वलवी,डॉ. शोभा बच्छाव,लहू कानडे,पूर्व सांसद उल्हास पवार, भाई नगराले सत्याजीत तांबे ने भी अपने विचार सम्मेलन में रखे। इस समय नगर अध्यक्ष दुर्गा तांबे, जिलाध्यक्ष बालासाहब सालुंके, डॉ. तुषार शेवाले, श्याम सनेर, नंदूरबार जिला परिषद अध्यक्षा कीर्ति वलवी,अनुराधा नागवडे, किरण काले,राहुल सालवे समेत नगर,नाशिक, धुलिया, जलगांव, नंदूरबार जिले के कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।