
पुणे. पुणे शहर (Pune City) और पुणे ग्रामीण पुलिस (Pune Rural Police) के होश उड़ाने वाली घटना सामने आई। इसमें पिकनिक (Picnic) मनाने के लिए घर से निकले एक मां का शव (Dead Body) सासवड पुलिस और उसके 8 से 10 साल के बेटे का शव सहकारनगर पुलिस स्टेशन (Sahakarnagar Police Station) की सीमा में मिला है। उनके अंगों पर जख्म के निशान है। उनकी हत्या कर शव को अलग-अलग फेंके जाने की घटना सामने आने से पुणे में हड़कंप मच गया है। पुलिस को महिला की ब्रिजा कार पुणे-सातारा रोड पर मिली है। हालांकि महिला का पति नदारद है।
मृतकों की पहचान आयान शेख और उसकी मां आलिया आबिद शेख के रूप में हुई है। इस घटना में पुणे ग्रामीण पुलिस की सासवड पुलिस और पुणे शहर पुलिस की भारती विद्यापीठ पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए है। पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार आयान और आलिया पुणे के धनोरी परिसर में रहते थे। मंगलवार शाम 7 बजे सासवड-जेजुरी रोड के खलद गांव के पास एक होटल के करीब महिला का शव बरामद हुआ। इसकी जानकारी पाकर सासवड पुलिस की टीम करीब रात साढ़े आठ बजे घटनास्थल पर पहुंचकर शव को हॉस्पिटल भेज दिया।
सासवड पुलिस ने दर्ज किया मामला
मृत महिला के बदन पर ट्रैक पेंट और टी-शर्ट था। नज़र आ रहा है कि गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। मगर घटनास्थल पर कोई भी खून के निशान नहीं मिले है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है और उसके शव को यहां लाकर फेंका गया है। सासवड पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर महिला की पहचान का पता लगाने का काम शुरू किया था। उसने महिला का फोटो पुणे पुलिस और जिले व राज्य की पुलिस को भेजी है। महिला की शिनाख्त कराने का काम शुरू किया गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इसी दौरान शाम के वक़्त ही नवीन कात्रज टनल के दरी ब्रिज के पास एक बड़े होटल परिसर में एक छोटे बच्चे का शव मिलने की जानकारी भारती विद्यापीठ पुलिस को मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ससून हॉस्पिटल भेज दिया गया। उसकी भी पहचान कराने का काम शुरू किया गया। पुलिस उपायुक्त सागर पाटिल ने तत्काल घटनास्थल का दौरा कर पुलिस अधिकारियों को मामले की जांच के आदेश दिए। इस दौरान पुणे शहर पुलिस को सासवड में मिली महिला और कात्रज में मिले बच्चे का कनेक्शन नज़र आया। इसके आधार पर जांच करने पर पता चला कि दोनों मां-बेटे है।
हत्या कर शव को फेंका
पुलिस ने मां-बेटे की पहचान आलिया और अयान के रूप में कई। पता चला की दोनों धनोरी के रहने वाले थे। पुलिस ने उनके रिश्तेदारों से संपर्क पर फोटो दिखाया तो उन्होंने दोनों की पहचान की। इस मामले की जांच चल ही रही थी तभी उनकी कार पुणे-सातारा रोड में एक सिनेमा हॉल के पास मिली है। ये दोनों किसके साथ गए थे और आखिर क्या हुआ पुलिस इसकी जांच कर रही है। हालांकि यह साफ हो गया है कि दोनों की हत्या कर शव को फेंक दिया गया है।
आबिद का कोई पता नहीं मिल पाया
जानकारी मिली है कि मां-बेटे घर से दो-तीन दिन पहले पिकनिक के लिए बाहर गए थे। आलिया के पति आबिद शेख पुणे की एक कंपनी में ब्रांच मैनेजर है। जानकारी सामने आई है कि दो-तीन दिन पहले वे ब्रिजा कार किराये पर लेकर पिकनिक पर गए थे। मां-बेटे का शव मिल गया है, लेकिन अभी तक आबिद का कोई पता नहीं मिल पाया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।