बापू की दुर्लभ तस्वीरों में से एक
बापू की दुर्लभ तस्वीरों में से एक

Loading

  • जनता के लिए खुलेगा ससून स्थित बापू का स्मारक 
  • हेरिटेज बिल्डिंग का हो रहा है रिनोवेशन 
  • सरकार की अनुमति से स्मारक को बनाया जायेगा अधिक लोकाभिमुख
शैलेंद्र सिंह@नवभारत 
पुणे: ब्रिटिश काल में पुणे स्थित ससून अस्पताल (Sasoon Hospital ) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) की अपेंडिसाइटिस सर्जरी (Appendix surgery) हुई थी, जिसके कारण ऑपरेशन थिएटर को बाद में राष्ट्रीय स्मारक के तौर पर सुरक्षित कर दिया गया। इमारत बहुत पुरानी हो जाने के कारण वर्तमान में इसका मरम्मत कार्य जारी है। अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. संजय ठाकुर ने नवभारत को बताया कि जल्द ही इस स्मारक को जनता के लिए खोला जायेगा।
 
ससून अस्पताल के इसी कमरे में हुई थी बापू की सर्जरी
 
स्मारक को साल भर जनता के लिए खोलने सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव 
2 अक्टूबर को पूरे देश में महात्मा गांधी की 156 वीं जयंती मनाई जा रही है। जहां गांधीजी रहते थे या उन्होंने समय व्यतीत किया था, इस दौरान उन स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पुणे में नगर रोड पर स्थित आगा खान पैलेस और पुणे रेलवे स्टेशन के पास स्थित राष्ट्रीय नेचुरोपैथी चिकित्सा केंद्र (NIN) में महात्मा गांधी का स्मारक है। जहां उनके कुछ वस्तुओं को स्मृति चिन्ह के रूप में संरक्षित किया गया है। ऐसी ही एक और इमारत का वह कमरा है जहां ससून अस्पताल में महात्मा गांधी की सर्जरी हुई थी। यह कमरा 2 अक्टूबर गांधी जयंती और 31 जनवरी गांधीजी के स्मृति दिवस पर खोला जाता है, बाकी दिनों में यह बंद रहता है। चूंकि यह कमरा नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्थान है, इसलिए ससून अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ संजीव ठाकुर ने इस कमरे को साल भर खोलने का इरादा व्यक्त किया है। जिसके लिए वे सरकार को प्रस्ताव भी भेजेंगे।
 
 
ब्रिटिश डॉक्टर कर्नल मैडॉक ने दी थी सर्जरी की सलाह
1922 में जब गांधीजी को अंग्रेजों ने छह साल की कैद की सजा सुनाई, तो उन्हें पुणे शहर में  नजरबंद किया गया था। उस समय उनकी पत्नी कस्तूरबा गांधी उनके साथ पुणे आईं थीं।  आगा खान पैलेस में रहने के दौरान उनके पेट में दर्द होने लगा था। ब्रिटिश डॉक्टर कर्नल मैडॉक ने उन्हें तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी। जिसके बाद 12 जनवरी, 1924 को ससून अस्पताल में स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर उनकी सर्जरी की गई।
 
ब्रिटिश डॉक्टर कर्नल मैडॉक ने की थी सर्जरी
 
लालटेन की रोशनी में की गई थी सर्जरी
ससून अस्पताल में जब महात्मा गांधी की सर्जरी चल रही थी, उसी समय बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई थी। जिसके बाद डॉ. मैडॉक ने लालटेन की रोशनी में ही कठिन सर्जरी को अंजाम दिया। उसके बाद देश-विदेश से गांधीजी के स्वास्थ्य के बारे में पूछने वाले सैकड़ों पत्र आए। जैसे ही गांधी जी की तबीयत बेहतर हुई, तो गांधीजी और उनकी पत्नी कस्तूरबा गांधी ससून अस्पताल वापस आए और उन्होंने सभी कर्मचारियों के साथ तस्वीर खिंचवाई और सभी को धन्यवाद दिया।
 
डॉ. मैडॉक ने लालटेन की रोशनी में ही कठिन सर्जरी को अंजाम दिया
 
बापू भवन में होगा चित्र प्रदर्शनी का आयोजन 
पुणे रेलवे स्टेशन के पास स्थित राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के बापू भवन में प्रसिद्ध चित्रकार शंख सामंथा के चित्रों की प्रदर्शनी लगेगी। दो अक्टूबर सुबह नौ बजे से यहां विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसी प्रकार आगा खान पैलेस में सुबह के सत्र में स्वच्छता अभियान और भजन कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
 
डॉ संजीव ठाकुर ने दी बापू से जुड़ी जानकारी
महात्मा गांधी की सर्जरी यहीं हुई थी। जिस इमारत में उनकी सर्जरी हुई थी उसे संरक्षित किया गया है और वर्तमान में इमारत का रिनोवेशन कार्य चल रहा है। रिनोवेशन कार्य पूरा होने के बाद, इस स्मारक को वास्तव में लोकाभिमुख बनाने का प्रयास किया जायेगा। वर्तमान में 2 अक्टूबर और 31 जनवरी, 15 अगस्त और अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर स्मारक को खोला जाता है। इसे पूरे साल जनता के लिए खोलने सम्बन्धी प्रस्ताव सरकार को भेजा जायेगा। सरकार की अनुमति मिलने के बाद ही इसे आम जनता के लिए खोला जायेगा।