Property Tax Registration

Loading

पिंपरी: सिद्धि पहल के तहत महिला बचत गुटों के जरिए अधिक से अधिक संपत्ति मालिकों को घर के बिल वितरित किए जाने के कारण कर भुगतान में वृद्धि नजर आ रही है। पिंपरी-चिंचवड़ शहर (Pimpri-Chinchwad City) के 87 हजार 456 संपत्ति मालिकों ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के महज डेढ़ महीने में सौ करोड़ का संपत्ति कर (Property Tax) पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (Pimpri-Chinchwad Municipal Corporation) के खजाने में जमा करा दिया है। इसमें से 70 हजार संपत्ति स्वामियों ने ऑनलाइन कर भुगतान (Online Tax Payment) कर विभिन्न छूट का लाभ उठाया है। महानगरपालिका की ओर से अपील की गई है कि नागरिक 30 जून से पहले टैक्स का भुगतान कर दें और विभिन्न छूटों का लाभ उठाएं।

संपत्ति कर महानगरपालिका की आय का मुख्य स्रोत है। इसलिए महानगरपालिका कमिश्नर और प्रशासक शेखर सिंह ने अधिकतम कर संग्रह सुनिश्चित करने के लिए लगातार कर संग्रह, व्यापक संपत्ति सर्वेक्षण और सूचना शुद्धिकरण की त्रिसूत्री योजना बनाई है। इसके अनुसार, कर संग्रह एवं कराधान विभाग के सहायक आयुक्त नीलेश देशमुख त्रिसूत्री के अनुरूप कार्रवाई कर रहे हैं। साथ ही पिछले डेढ़ साल में टैक्स वसूली की सभी सुविधाएं ऑनलाइन, ई-मेल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि संपत्ति के मालिक घर बैठे सभी सुविधाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही सारथी हेल्पलाइन में नागरिकों को कर संग्रहण विभाग की 24×7 सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। इससे भी काफी फायदा होता नजर आ रहा है।

शहर में 5 लाख 98 हजार संपत्तियां 

शहर में औद्योगिक, आवासीय, गैर आवासीय, मिश्रित और खाली जमीन जैसी 5 लाख 98 हजार संपत्तियां हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 में पहली बार महानगरपालिका ने महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए स्वयं सहायता समूहों को संपत्ति कर बिल बांटने का कार्य सौंपा है। महिला स्वयं सहायता समूहों ने शहर के आधे से अधिक संपत्ति स्वामियों को घर-घर बिल और अद्यतन जानकारी वितरित की हैं। इसका नतीजा यह हुआ कि महज डेढ़ माह में 87 हजार 456 संपत्तिकरों ने सौ करोड़, 72 लाख 36 हजार का संपत्ति कर जमा करा दिया है। इसके साथ ही 31 मार्च 2023 के अंत तक एक लाख रुपए से अधिक बकाया वाली 22 हजार संपत्तियों को संपत्ति कर बिल सहित जब्ती पूर्व नोटिस जारी करने का काम चल रहा है। सहायक आयुक्त नीलेश देशमुख ने कहा कि बिलों का वितरण होते ही जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

ऑनलाइन भुगतान के प्रति बढ़ रहा रुझान

शहर के हिंजवड़ी, तलवडे इलाकों में प्रतिष्ठित आईटी कंपनियां हैं। इन कंपनियों में इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे कई प्रॉपर्टी मालिक ऑनलाइन टैक्स चुकाना पसंद कर रहे हैं। 87 हजार टैक्स देने वाले संपत्ति मालिकों में से 70 हजार 489 संपत्ति मालिकों ने 80 करोड़ ऑनलाइन टैक्स का भुगतान किया है। 12 हजार 179 संपत्ति स्वामियों ने 10 करोड़ 59 लाख रुपए का नकद भुगतान किया है। विभिन्न एप के माध्यम से 1,238 लोगों ने एक करोड़ 5 लाख का टैक्स भरा हैं। 2,377 लोगों ने चेक के माध्यम से छह करोड़ 48 लाख रुपए का भुगतान किया है।   

संपत्ति करदाता भुगतान किए गए संपत्ति कर की संख्या
 औद्योगिक 360
अनिवासी 4976
मिश्रित 1144
खाली जमीन 466
 अन्य  06
आवासीय  80523
कुल 87,455

वाकड जोन में करदाताओं की संख्या अधिक

शहर में कर संग्रह के लिए मनपा के 17 अंचल कार्यालय हैं। वाकड क्षेत्र में बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित और आईटी इंजीनियर रहते हैं। इस क्षेत्र के जोन में 14 हजार 768, उसके बाद थेरगांव में 9 हजार 228, चिंचवड़ में 8 हजार 470, सांगवी में 8 हजार 387 और पिंपरी कैंप में सबसे कम 714, तलवडे में 718 ने ही कर का भुगतान किया है।