Bhiwandi Municipal Corporation Budget

Loading

भिवंडी: भिवंडी महानगरपालिका के प्रशासक और कमिश्नर विजय कुमार म्हसाल (Bhiwandi Municipal Corporation  Commissioner Vijay Kumar Mhasal) द्वारा वर्ष 2023-24 के लिए 897 करोड़ 69 लाख 63 हजार रुपए का बजट (Budget) पेश किया गया। उक्त अवसर पर महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त ओमप्रकाश दिवटे, मुख्य लेखा, वित्त अधिकारी किरण तायडे, शहर अभियंता सुनील घुगे, मुख्यालय उपायुक्त दीपक पुजारी, दीपक झिंझाड़, प्रणाली घोंघे, सहायक आयुक्त प्रिती गाड़े सहित महानगरपालिका के सभी महत्वपूर्ण विभागों के विभाग प्रमुख और अधिकारी उपस्थित थे।

गौरतलब है कि महानगरपालिका प्रशासक और कमिश्नर विजय कुमार म्हसाल द्वारा आर्थिक वर्ष 2023-24 में 11 करोड़ 62 लाख की बचत दर्शाते हुए 897 करोड़ 69 लाख 63 हजार रुपए का वार्षिक बजट प्रशासकीय समिति के समक्ष पेश किया। प्रशासक विजय कुमार म्हसाल द्वारा पहली बार पेश किए गए महानगरपालिका के बजट में शहर के विकास कार्यों सहित प्रलंबित कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। 

बजट में इन कामों को दी गई प्राथमिकता

बजट में विशेषतः मल निःसारण परियोजना के लिए एसटीपी प्लांट शुरू करने, शहर स्थित शमशान भूमि में गैस दाहिनी सुविधा प्रदान करने, मंडई में 30 बिस्तर का बीजेपी दवाखाना त्वरित शुरू करने, छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रतिमा का नवीनीकरण, सुंदरीकरण, आरसीसी रोड निर्माण, अटल आनंद घन प्रकल्प, स्व. परशुराम क्रीड़ा संकुल सुशोभीकरण, महानगरपालिका के स्कूलों की मरम्मत और सुविधाजनक बनाने,  पानी टंकियां में क्षमता अनुरूप जलापूर्ति, 9 करोड़ 70 लाख 88 हजार नगरसेवक निधि का प्रावधान, महिला बाल कल्याण, दुर्बल घटक, दिव्यांग कल्याण के लिए करीब 5 प्रतिशत अर्थात 32 करोड़ 88 लाख की निधि का आवंटन किया गया हैं। प्रशासकीय बजट होने की वजह से वार्षिक बजट पर जन प्रतिनिधियों की कोई कैंची चलने की संभावना नहीं होने से बजट जस का तस मंजूर होने की शत-प्रतिशत संभावना है।

विकास कार्यों को मिलेगी गति

महानगरपालिका के कमिश्नर विजय कुमार म्हसाल ने आर्थिक बजट को जनहित का बजट बताते हुए कहा कि शहर के विकास कार्यों को गति सहित प्रलंबित कार्यों को पूर्ण करने पर जोर दिया जाएगा।