maharashtra
ठाणे पुलिस स्टेशन फायरिंग घटना की SIT करेगी जांच,

Loading

नई दिल्ली/ठाणे: जहां एक तरफ महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे (Thane) जिले में भूमि विवाद के चलते मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व वाली शिवसेना गुट के नेता महेश गायकवाड़ (Mahesh Gaikwad) को गोली मारकर घायल करने के आरोप में BJP के विधायक गणपत गायकवाड़ (Vijay Ganpat Gaikwad) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं इस मामले में महाराष्ट्र के राजनीतिक हलकों में सरगर्मी तेज हो गई है। मामले की संगीनता को देखते हुए घटना की जांच के लिए ACP निलेश सोनवणे के नेतृत्व में मुंबई क्राइम ब्रांच की SIT का गठन किया गया है।

घटना की उच्च स्तरीय जांच के लिए SIT का गठन 

इधर मामले पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि BJP के कल्याण से विधायक गणपत गायकवाड़ ने शुक्रवार रात उल्हासनगर इलाके में हिल लाइन पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर शिवसेना की कल्याण इकाई के प्रमुख महेश गायकवाड़ पर गोलियां चलाईं। 

क्या बोले आरोपी गणपत गायकवाड़ 

इस बाबत आरोपी गणपत गायकवाड़ ने अपनी गिरफ्तारी से पहले एक समाचार चैनल से कहा था कि उनके बेटे को पुलिस थाने में पीटा जा रहा था इसलिए उन्होंने फायरिंग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र में ‘‘अपराधियों का साम्राज्य” स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। महेश गायकवाड़ को पहले एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें ठाणे स्थित एक निजी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया। शिवसेना की कल्याण इकाई के प्रभारी गोपाल लांडगे ने कहा, ‘‘उनका (महेश गायकवाड़ का) ऑपरेशन सफल रहा।” 

पुलिस ने माना- ये आत्मरक्षा नहीं 

मामले पर ठाणे के ACP दत्ता शिंदे ने बताया, “कल पुलिस स्टेशन में फायरिंग हुई थी। पुलिस स्टेशन में जो लोग आए थे उसमें वैभव गायकवाड़, उनके पिता MLA गणपत गायकवाड़ और महेश गायकवाड़ थे।विधायक गणपत गायकवाड़ ने महेश गायकवाड़ और राहुल पाटिल पर फायरिंग की। इसमें आत्मरक्षा का कोई सवाल नहीं उठता।”