विधायक जितेंद्र आव्हाड के नेतृत्व में शिवसेना के सैकड़ों कार्यकर्ता राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में हुए शामिल

    Loading

    ठाणे : ठाणे के घोड़बंदर परिसर में शिवसेना में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। शुक्रवार को शिवसेना (Shiv Sena) के पदाधिकारी ज्योति रत्नाकर मढ़वी, रत्नाकर नारायण मढ़वी सहित उनके सैकड़ों कार्यकर्ताओं (Workers) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) का दमन थामा। इस दौरान इंक कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड (Jitendra Awhad) के नेतृत्व में विश्वास रखते हुए उन्होंने एनसीपी में प्रवेश किया है। इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शहर अध्यक्ष आनंद परांजपे, महिला अध्यक्ष सुजात घाग और ओबीसी प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष गजानन चौधरी मौजूद रहे। 

    ज्योति और रत्नाकर मढ़वी कई सालों से शिवसेना में काम कर रहे हैं। वाघबिल इलाके में इनका जनसंपर्क बेहतरीन है। ऐसे में मढ़वी दंपति के साथ ज्योति मंगेश भोईर, प्रसाद नारायण मढ़वी, मनाली मढ़वी और उनके सैकड़ों समर्थकों के साथ-साथ 100 शिवसैनिक आज अपनी विचारधारा के अनुरूप एनसीपी में शामिल होने से शिवसेना को कड़ा झटका लगा है। 

    लोगों को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर भरोसा: आव्हाड 

    इस दौरान पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि हर कोई बदलाव की उम्मीद कर रहा है। लोगों का काम हम कर रहे हैं, इसलिए लोगों का राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पर भरोसा है। आव्हाड ने कहा कि महिलाएं और युवा यह महसूस कर रहे हैं कि उनका भविष्य उनके हाथों में सुरक्षित है। इसलिए वे बड़ी संख्या में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ऊर्जा निश्चित रूप से परिवर्तन लाएगी। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी लखबीर सिंह गिल, विलास पाटिल, पुरुषोत्तम पाटिल, मंगेश वाघे, आशीष खाड़े, अमोल मढ़वी आदि मौजूद थे।