nmmc

    Loading

    नवी मुंबई: राज्य में महानगरपालिका चुनाव (Municipal Elections) के संबंध में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) द्वारा सुनाए गए फैसले के बाद नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) के चुनाव (Elections) को लेकर सभी प्रमुख दलों ने अपनी तैयारी दर्शाई है। प्रमुख दलों के नेताओं का कहना है कि उन्हें राज्य चुनाव आयोग की हरी झंडी का इंतजार है। वहीं इस मामले में नवी मुंबई महानगरपालिका प्रशासन का कहना है कि चुनाव आयोग के आदेशों का पालन किया जाएगा।

     महानगरपालिका चुनाव के बारे में बीजेपी के नवी मुंबई जिलाध्यक्ष रामचंद्र घरत ने बताया कि राज्य की आघाडी सरकार की वजह से ओबीसी आरक्षण का मामला लटक गया है। जो ओबीसी समाज के साथ बड़ा अन्याय है।  महानगरपालिका चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जो फैसला सुनाया है, उसका पालन किया जाएगा। महानगरपालिका चुनाव के लिए बीजेपी हमेशा तैयार है। 

    कांग्रेस ने काफी पहले से शुरु की तैयारी

    वहीं, कांग्रेस के नवी मुंबई जिलाध्यक्ष अनील कौशिक का कहना है कि हमने महानगरपालिका का चुनाव लड़ने की तैयारी 2 वर्ष से की है। पार्टी के अधिकांश कार्यकर्ताओं का कहना है कि  महानगरपालिका चुनाव महाविकास आघाड़ी में शामिल सभी दलों के साथ मिलकर लड़ा जाए। इसके बारे में प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठों को अवगत कराया गया है, उनका जो आदेश होगा उसी पर अमल करके चुनाव लड़ा जाएगा।

    महाविकास आघाडी के एकजुट होने की संभावना

    महानगरपालिका चुनाव के बारे में एनसीपी के नवी मुंबई जिलाध्यक्ष अशोक गावडे ने बताया कि कोर्ट के आदेशों का पालन किया जाएगा। एनसीपी नवी मुंबई  महानगरपालिका का चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। महाविकास आघाडी से जुड़े सभी दलों के नेता और कार्यकर्ता चाहते हैं कि  महानगरपालिका का चुनाव में मिलकर लड़ा जाए, जिसके चलते नवी मुंबई  महानगरपालिका का चुनाव महाविकास आघाडी के सभी दल मिलकर लड़ेंगे इसकी पूरी संभावना है। वहीं, शिवसेना के उपनेता विजय नाहटा ने बताया कि कोर्ट के फैसले का अध्ययन करने के बाद ही  महानगरपालिका चुनाव के बारे में कुछ कहा जा सकता है।