अवैध निर्माण को लेकर विधायक संजय केलकर ने सीएम एकनाथ शिंदे पर साधा निशाना

    Loading

    ठाणे : राज्य के लोकनिर्माण मंत्री रविंद्र चव्हाण के बाद अब ठाणे शहर के बीजेपी विधायक संजय केलकर (BJP MLA Sanjay Kelkar) ने अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) पर निशाना साधते हुए ठाणे में अवैध निर्माण (Illegal Construction) के मुद्दे को उठाया है। केलकर ने आरोप लगाया है कि शहर में अवैध निर्माण की समस्या गंभीर हो गई है। लेकिन अधिकारी कार्रवाई करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। केलकर ने सवाल किया है की आखिर अधिकारी किसके दबाव में काम कर रहे हैं?।

    उन्होंने अगले चार दिनों में शहर की सड़कों और फ्लाईओवर पर हुए गड्ढों को भरने का निर्देश महानगरपालिका को दिया है। महानगरपालिका में बतौर प्रशासक कमिश्नर डॉक्टर विपिन शर्मा कामकाज देख रहे हैं। ठाणे शहर एकनाथ शिंदे का गढ़ है। महानगरपालिका के 67 पूर्व नगरसेवकों में से 64 शिंदे के समर्थक हैं। 

    ज्ञात हो कि विगत सप्ताह कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और समस्याओं को लेकर राज्य के लोक निर्माण मंत्री रविंद्र चव्हाण ने महानगरपालिका कमिश्नर पर हमला बोला था और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की आलोचना की थी। ऐसे में कल्याण के बाद ठाणे में महानगरपालिका और शिंदे समर्थकों के बीच तनाव बन गया है। 

    इन इलाकों में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण

    कोरोना संक्रमण के दौरान शहर में धड़ल्ले से अवैध निर्माण हुए। शिकायतों के बाद कमिश्नर डॉ. विपिन शर्मा ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया था। जिसके चलते कुछ समय के लिए अवैध निर्माण करने वाले माफिया भूमिगत हो गए थे। जैसे ही अभियान ठंडा हुआ, भू-माफिया फिर सक्रिय हुए और मुंब्रा, कलवा, दिवा और ठाणे शहर में बड़ी संख्या में अवैध निर्माण खड़े हुए। 

    शिंदे समर्थकों और बीजेपी के लोगों के बीच माहौल बना तनावमय  

    कुछ दिनों पहले केलकर ने पेन ड्राइव में महानगरपालिका प्रशासन को अवैध निर्माण निर्माणों की सूची तस्वीर के साथ सौंपी थी और विधानसभा उक्त मुद्दे को उठाया था। अब केलकर एक बार फिर महानगरपालिका मुख्यालय पहुंचे। उस दौरान उन्होंने उक्त सवाल किया और आरोप लगाया। केलकर के आरोप के बाद ठाणे में शिंदे समर्थकों और बीजेपी के लोगों के बीच माहौल तनावमय बन गया है।