NMMC Budget 2022
File Photo

  • 465 करोड़ केंद्र और राज्य सरकार से अनुदान मिलेगा

Loading

– रजीत यादव

नवी मुंबई :  नवी मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर (Navi Mumbai Municipal Commissioner) और प्रशासक (Administrator) अभिजीत बांगर (Abhijit Bangar) ने बुधवार (Wednesday) को वित्तीय वर्ष 2022-23 (Financial Year 2022-23) के लिए 4910 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट पेश किया। जिसमें 4908.20 करोड़ रुपए खर्च करने के बाद 1.80 करोड़ रुपए का शेष बचेगा। इस बजट में वित्तीय वर्ष 2021-22 के संशोधित बजट की 1345.35 करोड़ रुपए की राशि का समावेश है। महानगरपालिका कमिश्नर  द्वारा किसी भी प्रकार के टैक्स में कोई वृद्धि नहीं करते हुए यह बजट पेश किया गया है, जो नवी मुंबई के नागरिकों के लिए बड़ी ही राहत की बात है।

महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर ने पेश किए गए बजट में  वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए किसी भी प्रकार के करों का प्रस्ताव नहीं दिया है। संपत्ति कर महानगरपालिका के राजस्व का प्रमुख स्रोत होने के कारण महानगरपालिका कमिश्नर बांगर ने वित्तीय वर्ष के दौरान 804.47 करोड़ रुपए एकत्र होने का अनुमान लगाया है। इसके अलावा राज्य सरकार से स्थानीय कर अथवा जीएसटी के रूप में  1502.95 करोड़ रुपए प्राप्त होने का अनुमान उन्होंने लगाया है। महानगरपालिका कमिश्नर ने अपने बजट में विकास के कार्यों को करने पर विशेष फोकस किया है। जिसके लिए राज्य और केंद्र सरकार से 465 करोड़ रुपए का अनुदान मिलने का भी अनुमान उन्होंने लगाया है।

कमजोर वर्ग के लोगों का बजट में रखा गया ख्याल

बजट पेश करते हुए महानगरपालिका कमिश्नर बांगर ने कहा कि कमजोर वर्गों के आर्थिक और सामाजिक विकास के माध्यम से समावेशी बजट पर फोकस है। जिसके लिए कई योजनाएं लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए एक स्वतंत्र इको-बजट बनाया है। इसके अलावा, महानगरपालिका जीर्ण-शीर्ण भवन के पुनर्विकास के लिए एक एसओपी भी तैयार करेगा। जिससे जहां उक्त काम में तेजी आएगी, वहीं अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगेगा। उन्होंने बताया कि महानगरपालिका के राजस्व में लगातार वृद्धि हो रही है। साथ ही महानगरपालिका की राजस्व आय 8.88%  बढ़ गई है और व्यय 7.78% तक आ गया है। जिसके चलते पिछले 7 वर्षों में महानगरपालिका ने कोई ऋण नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका के राजस्व व्यय को नियंत्रित करने का काम किया जा रहा है आगामी 5 वर्षों में इसे वर्तमान 30% से 10% तक लाने का प्रयास किया जाएगा।

महानगरपालिका के पास अपनी खुद की जमीन नहीं है, जिसकी वजह से महानगरपालिका की आय सीमित है, महानगरपालिका क्षेत्र जो पुरानी इमारतें जर्जर हो चुकी हैं, उनके रि-डेवलपमेंट पर राज्य सरकार द्वारा निर्णय लेने का सिलसिला शुरू हो गया है। रि-डेवलपमेंट की बदौलत आगामी 20 वर्ष में जहां नवी मुंबई की तस्वीर बदलने वाली है, वहीं इससे नवी मुंबई महानगरपालिका की आय बढ़ने की पूरी उम्मीद है।

- अभिजीत बांगर, कमिश्नर, नवी मुंबई महानगरपालिका

2022-23 के दौरान होने वाले महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट

  • घनसोली से ऐरोली तक पाम बीच रोड का विस्तार
  • ठाणे-बेलापुर रोड पर ऐरोली कटाई नाका एलिवेटेड रोड को जोड़ने के लिए लिंक रोड का निर्माण
  • पुणे की ओर जाने के लिए वाशी सेक्टर-17 स्थित महात्मा फुले जंक्शन से कोपरी फ्लाईओवर तक फ्लाईओवर का निर्माण
  • मोरबे जलाशय में 100 मेगावाट की फ्लोटिंग सोलर परियोजना और 1.5 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना स्थापित करने की योजना
  • ईको-मोबिलिटी पर जोर देते हुए एनएमएमटी में 86 और इलेक्ट्रिक बस शामिल करने की योजना
  • अधिक कार्बन क्रेडिट प्राप्त करने के लिए सूक्ष्म नियोजन
  • इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए 20 स्थानों पर 120 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे
  • 35004 सोडियम वेपर लाइट्स को एलईडी से बदला जाएगा, जिससे बिजली बिलों में सालाना लगभग 7 करोड़ रुपए की बचत होगी