TMC

    Loading

    ठाणे: कार्य स्थल पर देर से आने वालों कर्मचारियों पर ठाणे महानगरपालिका (TMC) के कमिश्नर ने हंटर चलाया है। टीएमसी कमिश्नर (TMC Commissioner) ने 34 कर्मचारियों को नोटिस (Notice) जारी कर कारण बताने के लिए कहा है। इसमें एक कार्यालय अधीक्षक भी शामिल है। महानगरपालिका मुख्यालय में ही नहीं, बल्कि महानगरपालिका के प्रत्येक प्रभाग समिति में सहायक आयुक्तों के माध्यम से दैनिक हाजिरी मस्टर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा हैं।

    ठाणे महानगरपालिका में 8 हजार 278 स्थायी कर्मचारी हैं। हर जगह प्रभाग समिति हो, स्वास्थ्य विभाग हो या महानगरपालिका मुख्यालय, कर्मचारी और अधिकारी देर से आते नजर आते हैं। महानगरपालिका कमिश्नर अभिजीत बांगर ने पद संभालने के बाद तत्काल इस संबंध में स्थापना विभाग को निर्देश दिया और कहा है कि ऐसे कर्मचारियों को अनुशासित करने के लिए कदम उठाए जाएं। 

    चलाया जा रहा है अभियान

    जिसके अनुसार, महानगरपालिका के स्थापना विभाग द्वारा इस संबंध में कदम उठाए गए हैं। स्थापना विभाग द्वारा मिली जानकारी अनुसार कर्मचारियों को अनुशासित करने और उन्हें समय पर काम पर लाने के लिए महानगरपालिका द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। कर्मचारियों के खिलाफ पिछले एक सप्ताह से महानगरपालिका में देर से आने वाले कर्मचारियों को मस्टर ही गायब कर अनुशासित करने का प्रयास कर रही है।  यह देखा गया है कि 30 प्रतिशत कर्मचारी पहले दिन कार्यस्थल पर देरी से पहुंचे। उसके बाद यह अभियान आज भी जारी है और अब तक ऐसा लगता है कि देर से आने वाले कर्मचारियों की संख्या कम हुई है।

    नोटिस का जबाब मिलने के बाद हो सकती है कार्रवाई

    हालांकि, बार-बार अनुरोध के बावजूद काम में कोई सुधार नहीं होने पर टीएमसी ने ऐसे 34 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है और देरी से आने का कारण पूछा है। इसमें एक कार्यालय अधीक्षक भी शामिल है। यह भी देखने में आया है कि जिन लोगों को ये नोटिस दिए गए हैं वे लगातार तीन दिनों से काम से अनुपस्थित हैं। इस कारण बताओ नोटिस के बाद आने वाले जवाब के पश्चात कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।