Rahul Gandhi,
Photo: @ANI/ Twitter

    Loading

    अलवर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा शुरू की गई भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों राजस्थान में है। इस यात्रा ने अभीतक 2800 किलोमीटर से भी ज्यादा का सफर तय किया है। इस बीच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने स्कूलों में शिक्षा के माध्यम के रूप में भारतीय/ क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए कहा, “हिंदी नहीं चलेगी, अंग्रेजी चलेगी”।

    ‘…तो हिंदी नहीं चलेगी, अंग्रेजी चलेगी’

    यात्रा के दौरान अलवर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, भाजपा नेता नहीं चाहते कि स्कूलों में अंग्रेजी पढ़ाई जाए। लेकिन उनके सभी नेताओं के बच्चे अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में जाते हैं। दरअसल, वे नहीं चाहते कि गरीब किसानों और मजदूरों के बच्चे अंग्रेजी सीखें, बड़े सपने देखें और खेतों से बाहर निकल जाएं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि, यदि आप बाकी दुनिया के लोगों से बात करना चाहते हैं, तो हिंदी नहीं चलेगी, अंग्रेजी चलेगी। 

    कांग्रेस नेता ने कहा कि, हम चाहते हैं कि गरीब किसानों और मजदूरों के बच्चे जाएं और अमेरिकियों के साथ प्रतिस्पर्धा करें और उनकी भाषा का उपयोग करके उन्हें जीतें। राजस्थान में 1500 से अधिक अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले जाने पर प्रकाश डालते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, मुझे खुशी है कि राजस्थान में 1700 अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले गए हैं। 

    निजी स्कूलों ने अभी तक इस नीति का पालन नहीं किया

    गौरतलब है कि, पूरे देश में स्कूल पाठ्यक्रम में मातृभाषाओं और भारतीय भाषाओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विपक्षी दलों द्वारा भाजपा की आलोचना की गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) देश में शिक्षा के विकास का मार्गदर्शन करने के लिए एक व्यापक रूपरेखा है जिसे केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा वर्ष 2020 में पेश किया गया था। जिसका कहना यह है कि, देश में कक्षा 5 तक के छात्रों को उनकी मातृभाषा या क्षेत्रीय भाषा में पढ़ाया जाना चाहिए। कई सरकारी स्कूलों ने हालांकि देश भर में शिक्षा के माध्यम के रूप में अपनी मातृभाषाओं या क्षेत्रीय भाषाओं का उपयोग किया है, लेकिन निजी स्कूलों ने अभी तक इस नीति का पालन नहीं किया है।

    7 सितंबर से शुरू हुई यह यात्रा

    विदित हो कि, राहुल गांधी के नेतृत्व वाली यात्रा सोमवार को राजस्थान के दौसा से फिर से शुरू हुई, जिसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ नेता सचिन पायलट पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के साथ चल रहे थे। 7 सितंबर से शुरू हुई यह यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और लगभग आठ दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अंत में जम्मू कश्मीर की ओर बढ़ेगी। कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा कश्मीर तक जाएगी।