Amritpal Singh Case

Loading

चंडीगढ़: खालिस्तान समर्थक नेता और वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) के मुख्य सहयोगी जोगा सिंह (Joga Singh) को शनिवार को सरहिंद में गिरफ्तार किया गया है। डीआईजी बॉर्डर रेंज नरिंदर भार्गव के मुताबिक सहयोगी जोगा सिंह को अमृतसर-ग्रामीण और होशियारपुर पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया था।  पुलिस के मुताबिक  जोगा सिंह 18 मार्च से 28 मार्च तक अमृतपाल के साथ थे।

अमृतसर (ग्रामीण) एसएसपी सतिंदर सिंह ने कहा कि जोगा सिंह 27 मार्च को अमृतपाल को पंजाब वापस लाए थे। लुधियाना के रहने वाले जोगा उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक डेरा के प्रभारी थे।

अमृतपाल सिंह के सीधे संपर्क में थे जोगा सिंह

डीआईजी बॉर्डर रेंज नरिंदर भार्गव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि “जोगा सिंह अमृतपाल सिंह के सीधे संपर्क में थे। उन्होंने अमृतपाल सिंह के लिए आश्रय और वाहनों की व्यवस्था की। उन्होंने उसके लिए पीलीभीत में रहने और फिर पंजाब लौटने की व्यवस्था की।”

उल्लेखनीय है कि पंजाब पुलिस ने पिछले महीने अमृतपाल सिंह और उनके ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के सदस्यों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई शुरू की थी। खालिस्तान समर्थक 18 मार्च को वाहनों को बदलकर और अपना रूप बदलकर पुलिस के जाल से बचकर निकल गया और अभी भी फरार है।

पुलिस ने अमृतपाल सिंह को शरण देने के आरोप में शुक्रवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान होशियारपुर जिले के बाबक गांव के राजदीप सिंह और जालंधर जिले के सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। राजदीप सिंह और सरबजीत सिंह दोनों को शुक्रवार रात ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।