Sukhwinder Singh Sukhu
ANI Photo

    Loading

    शिमला. हिमाचल प्रदेश में अगले सीएम को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। कांग्रेस आलाकमान ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर अपनी मुहर लगा दी। इसी के साथ मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया गया है। दोनों नेता रविवार को शपथ लेंगे। यह फैसला शनिवार को शिमला में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक में लिया गया।

    इस बात की जानकारी देते हुए कांग्रेस के पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के सीएम और मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम होंगे। शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह 11 बजे होगा।”

    मुख्यमंत्री पद के नाम पर मनोनीत करने के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस आलाकमान को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि, “मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमारी सरकार बदलाव लाएगी। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है।”

    सुक्खू  ने कहा, “डिप्टी सीएम नामित मुकेश अग्निहोत्री और मैं एक टीम के रूप में काम करेंगे। मैंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में की थी। कांग्रेस पार्टी ने मेरे लिए जो किया है उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा।”

    कांग्रेस आलाकमान के फैसले के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि वह आलाकमान के फैसले से खुश है। उन्होंने कहा, “हम कांग्रेस आलाकमान द्वारा लिए गए निर्णय को स्वीकार करते हैं।”  

    शिमला में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की बैठक में पार्टी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

    गौरतलब है कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीट में से 40 सीट पर जीत हासिल कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सत्ता हासिल की। हिमाचल में मतदान 12 नवंबर को हुआ था और नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए।