Jharkhand Bus Accident
Photo: Twitter

Loading

गिरिडीह. झारखंड (Jharkhand) में बड़ा हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक गिरिडीह (Giridih) में यात्रियों से भरी एक बस शनिवार रात को नदी में गिर गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और 12 से अधिक घायल हो गए हैं। मौके पर पुलिस मौजूद है और बचाव और राहत कार्य जारी है। राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

गुप्ता ने कहा, “झारखंड गिरिडीह में यात्रियों से भरी एक बस नदी में गिर गई। जिला प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। गिरिडीह उपायुक्त को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार आवश्यक कार्रवाई कर रही है।”

जानकारी के मुताबिक बाबा सम्राट नामक यात्री बस रांची से लौट रही थी। इसी दौरान डुमरी गिरिडीह पथ पर नदी पर बने पुल से अनियंत्रित होकर 50 फीट नीचे बराकर नदी में गिर गई। बस में करीब 20 यात्री सवार थे। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर जिला प्रशासन की टीम पहुंची। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को समीप के अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। मौत का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है।

इस घटना पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, “झारखंड के गिरिडीह में रांची से गिरिडीह आ रही बस की बराकर नदी में दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार मिला है। जिला प्रशासन और झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा बचाव कार्य किया जा रहा है।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने घटना पर दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, “रांची से गिरीडीह जा रही बस के बराकर नदी में गिर जाने से कई लोगों के हताहत और घायल होने की हृदयविदारक जानकारी मिली है। राहत एवं बचाव कार्य में ज़िले के अधिकारियों के साथ हमारे कार्यकर्ता मुस्तैदी से लगे हुए हैं। मैं राहत कार्य में सहयोग के लिये मधुबन से घटनास्थल के लिए रवाना हो गया हूं।”