Massacre ,Burkina Faso
बुर्किना फासो में नरसंहार

Loading

औगाडौगू (बुर्किना फासो) : उत्तरी बुर्किना फासो के एक गांव में इस महीने की शुरुआत में अज्ञात हमलावरों ने करीब 70 लोगों की हत्या कर दी, जिनमें अधिकतर महिलाएं एवं बच्चे शामिल हैं। प्रशासन ने सोमवार को यह जानकारी दी।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल इस नरसंहार की जांच की जा रही है। अभियोजक साइमन बी ग्नानौ ने बताया कि यह हमला बौलसा शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर जाओंगो गांव में हुआ। 

 उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि इस नरसंहार के पीछे किसका हाथ है। यह पश्चिम अफ्रीकी देश अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े जिहादी चरमपंथियों से वर्षों से जूझ रहा है। इन संघर्षों में हजारों लोग मारे जा चुके हैं और 20 लाख से अधिक लोग आंतरिक रूप से विस्थापित हुए हैं।

यूरोपीय संघ ने रविवार को कहा था कि गांव में हुए इस नरसंहार में मृतक संख्या 100 है,लेकिन ग्नानौ ने कहा कि जांचकर्ता पीड़ितों के परिजन से मिल रहे हैं और वे मृतक संख्या 70 होने संबंधी जानकारी जल्द ही अपडेट करेंगे।

उन्होंने कहा कि स्थानीय कानून एजेंसी को अन्य लोगों को इस हमले को लेकर सतर्क करने में दो दिन और जांचकर्ताओं को घटनास्थल पर पहुंचने में चार और दिन लगे, जहां उन्हें दर्जनों घर जले मिले। उन्होंने कहा कि एक समय जांचकर्ताओं के काफिले पर भी हमला हुआ, लेकिन उसे नाकाम कर दिया गया।