इस्माइलिया (मिस्र): मिस्र (Egypt) की स्वेज नहर (Suez Canal) में एक विशालकाय मालवाहक जहाज (Cargo Ship) शुक्रवार को भी फंसा हुआ है। बहरहाल अधिकारियों ने वैश्विक परिवहन के लिए अहम इस जलमार्ग में फंसे जहाज को निकालने और यातायात को फिर से खोलने के प्रयास तेज कर दिए हैं। एशिया (Asia) और यूरोप (Europe) के बीच माल लेकर जाने वाला, पनामा के ध्वज वाला जहाज मंगलवार को इस नहर में फंस गया था।
जापानी कंपनी के मालिकाना हक वाले इस जहाज के फंसने से नहर में यातायात जाम हो गया जिससे दर्जनों छोटे जहाज भूमध्य और लाल सागरों में फंस गए।
स्वेज नहर प्राधिकरण ने इस विशाल जहाज को निकालने के लिए कई नौकाओं को काम में लगाया है। शुक्रवार को सुबह तक जहाज उसी जगह फंसा हुआ है और उसे निकालने का काम चल रहा है।