Gabriel Attal becomes the youngest Prime Minister of France

Loading

पेरिस: धुर दक्षिणपंथियों के बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच अपने शेष कार्यकाल के लिए नयी शुरुआत करते हुए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron) ने मंगलवार को ग्रेब्रियल अट्टल (France PM Gabriel Attal) को फ्रांस के अब तक के सबसे युवा प्रधानमंत्री के तौर पर नामित किया। मैक्रों के कार्यालय ने एक बयान में नियुक्ति की घोषणा की। 

अट्टल (34) सरकार के प्रवक्ता और शिक्षा मंत्री के रूप में प्रमुखता से उभरे। वह फ्रांस के ऐसे पहले प्रधानमंत्री भी हैं, जिन्होंने खुद के समलैंगिक होने को छिपाया नहीं है।उनकी पूर्ववर्ती एलिजाबेथ बोर्न ने विदेशियों को निर्वासित करने की सरकार की क्षमता को मजबूत करने वाले आव्रजन कानून पर हालिया राजनीतिक उथल-पुथल के बाद सोमवार को इस्तीफा दे दिया। मध्यमार्गी मैक्रों (46) का कार्यकाल 2027 में समाप्त हो रहा है, आने वाले दिनों में वह एक सरकार बनाएंगे।

फ्रांसीसी मीडिया मुताबिक मैक्रों यूरोपीय संसद चुनावों से पहले अपने दूसरे जनादेश में नई जान फूंकना चाहते हैं। इसके चलते एलिजाबेथ को हटाकर नए प्रधानमंत्री चेहरे को मौका दिया गया है। दरअसल, मैक्रों के एक बार फिर फ्रांस का राष्ट्रपति चुने जाने के बाद मई 2022 में एलिजाबेथ को देश का प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था। वह लगभग दो साल तक इस पद पर थीं। इस पद पर पहुंचने वाली वह फ्रांस की दूसरी महिला प्रधानमंत्री थीं।