israel-hamas-war
इस्राइल-हमास युद्ध

Loading

नवभारत डेस्क: एक बड़ी खबर के अनुसार इस्राइल-हमास (Israel-Hamas War) के बीच हुए महत्वपूर्ण समझौते के तहत 13 बंधकों को आज शुक्रवार शाम 4 बजे (स्थानीय समय) के अनुसार गाजा (Gaza) से रिहा किया जाएगा। इस बाबत कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने जानकारी देते हुए कहा कि जिन बंधकों को रिहा किया जाएगा, उनके नामों की सूची इस्राइली खुफिया एजेंसियों को पहले ही पहुंचा दी गई है।  

10 या उससे ज्यादा बंधकों की रिहाई पर 1 दिन का सीजफायर

घटना पर ‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ के मुताबिक, हर 10 या उससे ज्यादा बंधकों की रिहाई पर एक दिन का सीजफायर लागू होगा। इजरायल भी करीब 150 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा।मामले पर अंसारी के अनुसार, गाजा में मानवीय आधार पर चार दिन का संघर्षविराम आज शुक्रवार सुबह 7 बजे (स्थानीय समय) शुरू होगा। 

3 अमेरिकी और 8 फ्रेंच नागरिक भी होंगे रिहा 

बयान में कहा गया है कि गाजा में संघर्षविराम की कार्यान्वयन योजना पर चर्चा के लिए व्यापक बैठकें हुईं। हालाँकि 23 नागरिक थाईलैंड के हैं जिनकी रिहाई इजराइली बंधकों के साथ होगी या नहीं, यह फिलहाल साफ़ नहीं हुआ है। वहीँ तीन अमेरिकी और आठ फ्रेंच नागरिक भी छोड़े जा रहे हैं। दरअसल कतर और ईरान की मध्यस्थता से बंधकों की संभावित रिहाई और संघर्षविराम हो पा रहा है। 

थाई नागरिकों का क्या 

हालांकि वहीँ अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक माना जा रहा है कि गाजा में हमास द्वारा बंधक बनाए गए लगभग दो दर्जन थाई नागरिकों को इजराइली बंधकों की अदला-बदली के मौके पर रिहा किया जा सकता है। दरअसल थाईलैंड ईरान के जरिए हमास से अपने नागरिकों को रिहा करने की बहुत अपील कर रहा है। 

इसराइली परिवारों को अब भी नहीं भरोसा 

इधर बंधकों की रिहाई के समझौते के बाद भी इसराइली परिवारों को भरोसा नहीं हो पा रहा है। दरअसल इनका मानना है कि अगर सभी बंधक रिहा हो जाते हैं, तब भी इस समझौते को लेकर कोई अच्छी फीलिंग नहीं मिलेगी, जब तक हमास को इस ज़मीनी अभियान का अहसास नहीं हो जाता है। इन इसराइली परिवारों का मानना है कि उन्हें तभी भरोसा होगा जब बंधकों का पहला जत्था सही सलामत इसराइल पहुंचेगा।

जानकारी दें कि इस्राइल-हमास की जंग में अब तक 1200 इजरायलियों और 14 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। इनमें 5600 बच्चे और 3500 से ज्यादा महिलाएं हैं। 6 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं।