‘अखंड भारत’ के विरोध में दिखा ‘ग्रेटर नेपाल’ का नक्शा, हिमाचल-बंगाल के कुछ हिस्सों को बताया नेपाल का

Loading

नई दिल्ली. जहां एक तरफ नेपाल (Nepal) के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने अखंड भारत (Akhand Bharat) के नक्शे पर भारत का साथ दिया था। वहीं अब नेपाल की राजधानी काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह ने ग्रेटर नेपाल का एक मैप जारी किया है। इस मैप में हिमाचल के पश्चिमी कांगड़ा से लेकर पश्चिम बंगाल में पूर्वी तीस्ता के क्षेत्र को ग्रेटर नेपाल का हिस्सा भी बताया गया है।

दरअसल मेयर शाह ने भारत की नई संसद में लगे अखंड भारत के नक्शे के विरोध में ऐसा काम किया है। हालांकि मामले पर नेपाल सरकार ने अभी इस पर कोई बयान नहीं दिया है। वहीं नेपाल की संसद में सबसे बड़ी पार्टी नेपाली कांग्रेस के महासचिव गगन थापा ने गुरुवार को कहा- ‘ग्रेटर नेपाल’ के नक्शे को ऑफिशियली पब्लिश करना चाहिए। अगर भारत ने कल्चरल मैप पब्लिश किया है तो हमारे पास भी हक है कि हम ग्रेटर नेपाल का कल्चरल मैप पब्लिश करें। भारत को इस पर कोई भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

हालांकि वहीं नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने अखंड भारत के नक्शे पर भारत का साथ दिया था। वहीं थापा के बयान पर उन्होंने संसद में कहा था कि, “मैंने अपनी भारत यात्रा के दौरान अखंड भारत के नक्शे का मुद्दा उठाया था। तब भारत ने मुझे बताया कि ये सिर्फ एक सांस्कृतिक मैप है, जो इतिहास दिखा रहा है। इसे राजनीतिक तौर पर न देखा जाए।”

जानकारी दें कि आज भी कई लोग ग्रेटर नेपाल के हिस्सों को वापस लेने की मांग करते रहते हैं। वहीं यहां के राष्ट्रवादी कार्यकर्ता फणींद्र नेपाल लंबे समय से अखंड नेपाल के लिए प्रचार कर रहे हैं। तो उधर नेपाल के कुछ दलों के नेताओं का कहना है कि नेपाल का जो हिस्सा सालों पहले भारत में मिला लिया गया था, उसे अब ससम्मान भारत द्वारा लौटा दिया जाना चाहिए।