संन्यास का ऐलान करने के बाद अंबाती रायडू ने डिलीट किया ट्वीट, फिर CSK ने दिया बयान

अंबाती रायडू ने कहा था कि, आईपीएल का यह सीजन उनका आखिरी होगा।

    Loading

    मुंबई: आईपीएल 2022 के बीच में ही चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के स्टार प्लेयर अंबाती रायडू (Ambati Rayudu) ने संन्यास (Retirement) की घोषणा कर दी। इस खबर से क्रिकेट जगत में खलबली मच गयी। अंबाती रायडू ने ट्वीट करते हुए इस बात  की जानकारी दी। हालांकि, इसके कुछ देर बाद ही उन्होंने अपना यह ट्वीट डिलीट भी कर दिया। अंबाती रायडू ने कहा था कि, आईपीएल का यह सीजन उनका आखिरी होगा। हालांकि चेन्नई टीम के CEO काशी विश्वनाथ ने इसे गलत खबर बताया और कहा कि रायडू संन्यास नहीं ले रहे हैं।

    आईपीएल के 15 वें (IPL 15) सीजन में अभी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दो मैच ही बचे हैं। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। वहीं, रायडू के आईपीएल करियर के बारे में बात करें तो उन्होंने अब तक कुल 187 मैच खेले हैं, जिसमें 29.08 की औसत से 3290 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक भी जमाया है। उनका बेस्ट स्कोर 100 रन का रहा है। रायडू ने अब तक आईपीएल में 22 अर्धशतक जमाए है।

    चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के धाकड़ बल्लेबाज अंबाती रायुडू (Ambati Rayudu) ने सोशल मीडिया पर संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘मैं यह ऐलान करते हुए खुश हूं कि यह IPL सीजन में आखिरी होगा। लीग में खेलना मेरे लिए सबसे अच्छा रहा है। मैं 13 सालों तक दो बड़ी टीमों का हिस्सा रहा हूं। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बनकर शानदार सफर रहा। इसके लिए उनका धन्यवाद।’ 

    हालांकि, इसके कुछ देर बाद ही रायडू ने अपना ट्वीट डिलीट भी कर दिया। इसके बाद चेन्नई टीम के CEO काशी विश्वनाथ ने ‘स्पोर्ट्स तक’ से कहा, ‘IPL से रिटायरमेंट की घोषणा करना गलत खबर है। उन्होंने (रायडू) ट्वीट वापस ले लिया है। वह संन्यास नहीं ले रहे हैं।’

    बता दें कि, अंबाती रायुडू ने आईपीएल 2022 में अब तक खेले 12 मैच में 27.10 के औसत से 271 रन बनाए हैं। इस सीजन में उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला है।