इलैयाराजा, पीटी उषा राज्य सभा के लिए मनोनीत, प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर दी जानकारी

    Loading

    नई दिल्ली: मशहूर संगीतकार इलैयाराजा और स्टार धावक पीटी उषा को राज्य सभा के लिए मनोनीत किया गया है। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को ट्वीट कर दी। दोनों प्रमुखों को राष्ट्रपति कोटे से राज्यसभा भेजा गया है। इसी के साथ वी. विजयेंद्र प्रसाद और वीरेंद्र हेगड़े को भी राज्यसभा का मनोनीत किया गया है। 

    राज्यसभा में मनोनीत सदस्यों की जानकारी देने के लिए प्रधानमंत्री ने लगातार कई ट्वीट किये। अपने पहले ट्वीट में पीएम ने लिखा, “श्री वी. विजयेंद्र प्रसाद गारू दशकों से रचनात्मक दुनिया से जुड़े हुए हैं। उनकी रचनाएँ भारत की गौरवशाली संस्कृति को प्रदर्शित करती हैं और विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर बधाई।”

    ज्ञात हो कि, वी. विजयेंद्र प्रसाद भारतीय फिल्म उद्योग के बड़े लेखकों में गिने जाते हैं। उनकी लिखी हुई फिल्म बहुलबाली, आरआरआर और बजरंगी भाईजान ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार प्रदर्शन किया था। बहुलबाली, आरआरआर ने तो कमाई में रिकॉर्ड बनाया था। इसी के साथ विजयेंद्र ने  राउडी राठौड़, मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ झांसी और मार्शल जैसी फिल्मों की कहानी लिखी है।

    हर भारतीय के लिए प्रेरणा

    पीएम ने दूसरे ट्वीट में लिखा, ” पीटी उषा जी हर भारतीय के लिए एक प्रेरणा हैं। खेलों में उनकी उपलब्धियों को व्यापक रूप से जाना जाता है, लेकिन पिछले कई वर्षों में नवोदित एथलीटों का मार्गदर्शन करने के लिए उनका काम उतना ही सराहनीय है। उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर बधाई।”

    रचनात्मक प्रतिभा के धनि इलयराजा 

    तीसरे ट्वीट में पीएम ने लिखा ,”रचनात्मक प्रतिभा इलयराजा जी ने पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों को मंत्रमुग्ध किया है। उनकी रचनाएँ अनेक भावनाओं को खूबसूरती से दर्शाती हैं। उनकी जीवन यात्रा भी उतनी ही प्रेरक है- वह एक विनम्र पृष्ठभूमि से उठे और बहुत कुछ हासिल किया। खुशी है कि उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है।”

    भारत के मशहूर संगीतकार इलैयाराजा की साउथ फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं बॉलीवुड में भी एक खास पहचान है। अपने करियर में एक से बढ़कर एक सदाबहार गाने देने वाले इलैयाराजा को म्यूजिक माएस्ट्रो के नाम से भी जाना जाता है। संगीत की दुनिया में इलैयाराजा ने अपनी एक अलग पहचान बनाई हैं। 

    उत्कृष्ट सामुदायिक सेवा में सबसे आगे

    वीरेंद्र हेगड़े के नाम का ऐलान करते हुए पीएम ने लिखा, हेगड़े जी उत्कृष्ट सामुदायिक सेवा में सबसे आगे हैं। मुझे धर्मस्थल मंदिर में प्रार्थना करने और स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे महान कार्यों को देखने का अवसर मिला है। वह निश्चित रूप से संसदीय कार्यवाही को समृद्ध करेंगे।”