Photo: Instagram
Photo: Instagram

    Loading

    मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार (Dilip Kumar) का निधन हो गया। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का बुधवार (7 जुलाई) को सुबह 7 बजकर 30 मिनट में निधन हो गया। अभिनेता पिछले कुछ दिनों से उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे और उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें 30 जून को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था। अभिनेता की पत्नी सायरा बानो पूरे समय उनके साथ थीं और उन्होंने प्रशंसकों को आश्वासन दिया था कि उनकी हालत स्थिर है। दिलीप कुमार के निधन से उनके फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड हस्तियों ने भी सोशल मीडिया पर दिलीप के निधन पर शोक जताया है। 

    बात 1997 की है। 42वें फिल्मफेयर अवॉर्ड शो का मंच था। धर्मेंद्र (Dharmendra) को लाइफ़ टाइम अचीवमेंट अवार्ड दिया गया था। हिंदी सिनेमा के इस दिग्गज कलाकार को अवॉर्ड देने ख़ुद सिनेमा के थेस्पियन दिलीप कुमार आये थे। शाह रुख़ ख़ान और सायरा बानो साथ में थे। इस अवॉर्ड को स्वीकार करते हुए धर्मेंद्र बेहद भावुक हो गये। 37 सालों तक इंडस्ट्री में बेहतरीन किरदार और फिल्में करने के बावजूद उन्हें कोई अवॉर्ड नहीं मिला था। लाइफ़ टाइम एचीवमेंट अवॉर्ड मिला तो यह तल्ख़ी जज़्बात के रूप में जुबां पर आ गयी। वहां, मौजूद दिलीप कुमार ने तब धर्मेंद्र को अपने छोटे भाई की तरह संभाला और पुचकारा था। दिलीप कुमार को लेकर धर्मेंद्र हमेशा से बेहद जज़्बाती रहे हैं। इस अवॉर्ड फंक्शन में उन्होंने दिलीप साहब को अपना भाई बताते हुए कहा था- ‘इन्हें मैं बहुत प्यार करता हूं। मुझे हमेशा ऐसा लगता है कि हम एक ही मां की कोख से पैदा क्यों नहीं हुए।’ वहीं, दिलीप कुमार ने धर्मेंद्र को दुलारते हुए उनके बारे में कहा था- ‘जब मैंने पहली बार धर्म को देखा था और देखते ही मेरे दिल में उमंग पैदा हुई, अल्लाह मुझे ऐसा ही बनाया होता तो क्या जाता।’

     
     
     
     
     
    View this post on Instagram
     
     
     
     
     
     
     
     
     
     
     

    A post shared by Dharmendra Deol (@aapkadharam)

    धर्मेंद्र सोशल मीडिया में अक्सर दिलीप कुमार के साथ अपनी यादें शेयर करते रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर में धर्मेंद्र ने लिखा था- यादें, जो दर्द दे जाती हैं। इस फोटो में धर्मेंद्र दिलीप कुमार से बेहद दोस्ताना अंदाज़ में मिल रहे हैं। सायरा बानो पास में बैठी मुस्कुरा रही हैं। यश चोपड़ा भी दिख रहे हैं। फरीदा जलाल, अंजू महेंद्रू, हेलन और गोविंदा को इस तस्वीर में देखा जा सकता है। फोटो किसी पार्टी के मौके की लग रही है। धर्मेंद्र दिलीप कुमार को हमेशा से अपना आदर्श मानते रहे हैं। इंटरव्यू में उन्होंने अक्सर यह बात कही है कि दिलीप कुमार ने ही उन्हें फ़िल्मों में आने के लिए प्रेरित किया था। उनकी फ़िल्म शहीद देखकर धर्मेंद्र को हीरो बनने का चस्का लगा था।