salim-khan
File Pic

    Loading

    • अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान को भी जान से मारने की धमकी 

    नई दिल्ली: बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) और उनके पिता सलीम खान (Salim Khan) को रविवार को एक धमकी भरा पत्र मिला है। इस सिलसिले में बांद्रा पुलिस (Bandra Police) ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और आगे की जांच जारी है।  यह जानकारी मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने दी।

     

    बेंच पर मिला पत्र 

    एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि, यह पत्र सलीम खान के सुरक्षा कर्मचारियों को एक बेंच पर मिला था। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, “सलीम खान सुबह की दिनचर्या का पालन करते हैं, वह अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ सैर पर जाते हैं। एक जगह है जहां वह आमतौर पर ब्रेक लेते हैं। वहीं, एक बेंच पर एक चिट छोड़ दी गई थी।” सलीम खान के सुरक्षा कर्मचारी ने वह चिट्टी उन्हें सौंप दी। 

    मूसेवाला जैसा कर दूंगा

    पुलिस के अनुसार, उस चिट्टी में सलमान और सलीम खान दोनों के लिए गंभीर धमकी थी। उस पत्र में लिखा था, “मूसेवाला जैसा कर दूंगा” जिसके बाद, इस बात की सूचना बांद्रा पुलिस को दी गई, बांद्रा पुलिस ने अज्ञात आदमी  के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, पुलिस बैंडस्टैंड इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है कि चिट किसने छोड़ी है।

    सिद्धू मूसेवाला की हत्या

    पंजाब के प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (शुभदीप सिंह सिद्धू) को 29 मई को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी थी। यह हमला राज्य सरकार द्वारा 28 वर्षीय गायक की सुरक्षा में कम करने के एक दिन बाद हुआ था।