rock-will-smith
Pic: ANI

    Loading

    नई दिल्ली. जहाँ एक तरफ ऑस्कर 2022 (Oscar 2022) खत्म भी हो चुका है। लेकिन आज भी इस समारोह में विल स्मिथ (Will Smith) और क्रिस रॉक (Chris Rock) के बीच हुआ विवाद चर्चाओं में बना हुआ है। पता हो कि क्रिस रॉक इस इवेंट को होस्ट कर रहे थे और उन्होंने शो के दौरान विल स्मिथ की पत्नी का मजाक उड़ाया था। बाद में गुस्से से भड़क कर विल स्मिथ ने क्रिस रॉक को जोरदार थप्पड़ मार दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिस पर सिर्फ आम लोग ही नहीं बल्कि सेलेब्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी।

    हालांकि इस घटना के बाद विल स्मिथ ने माफ़ी मांग ली थी, वहीं क्रिस रॉक भी गाहे बगाहे इस घटना को भूलने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही वे अब इस विवाद के बारे में सार्वजनिक रूप से मजाक भी कर रहे हैं। इसी गुरुवार को लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में स्टैंडअप सेट के दौरान, 57 वर्षीय कॉमेडियन ने इस पर मजाक करते हुए कहा कि, “इस घटना के बाद मेरी खोयी हुई अधिकाँश सुनने की शक्ति वापस आ गई है।” 

    वहीं इसके पहले सोशल मीडिया पर ऐसी कई खबरें वायरल हो रही थी कि विल स्मिथ से थप्पड़ खाने के बाद क्रिस रॉक की किस्मत अब चमक गई है। ऐसा भी दावा किया जा रहा था कि इस विवाद के बाद उनके शो की भी डिमांड बढ़ गई है। इतना ही नहीं, उनके शो की टिकट की कीमत में भी इजाफा हुआ है। इस बाबत टिकपिक ने एक ट्वीट किया था, जिसमें लिखा है, “हमने क्रिस रॉक के शोज के टिकट्स कल रात जितने सेल किए हैं उतने तो पूरे महीने में नहीं किए।” 

    जानकारी के मुताबिक, क्रिस रॉक के शो की सबसे सस्ती टिकट 46 डॉलर (3500 रुपये) की थी। लेकिन अब क्रिस के एक शो की टिकट की कीमत 411 डॉलर (31, 274 रुपये) पहुँच चुकी है। क्रिस रॉक के शो की टिकट की कीमत काफी तेजी से बढ़ी है, जो हर किसी को हैरान करने के लिए काफी है। अब इसके पीछे आप विल स्मिथ के हाथ कहिए या कुछ और, लेकिन फिलहाल क्रिस रॉक उस घटना से उभर  चुके हैं ऐसा प्रतीत हो रहा है।