Jennifer and Gurucharan

Loading

मुंबई: ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में सोढ़ी का किरदार निभाने वाले एक्टर गुरुचरण सिंह बीते 5 दिनों से लापता हैं। 22 अप्रैल को वो दिल्ली से मुंबई के लिए निकले थे जिसके बाद से किसी को उनकी कोई खबर नहीं थी। इस पूरे मामले में शो में मिसेज सोढ़ी के किरदार में नजर आ चुकी जेनिफर मिस्त्री ने हैरानी जाहिर की।

एक्टर के लापता से हैरान हैं जेनिफर
गुरुचरण सिंह के लापता होने पर बात करते हुए जेनिफर मिस्त्री ने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है। मैं बस आशा और प्रार्थना करती हूं कि वह सुरक्षित होंगे और ठीक होंगे। कुछ गलतफहमी हो और वह ठीक ठाक घर वापस आ जाएं। वह बहुत आध्यात्मिक और अच्छे इंसान हैं।

जेनिफर से बातचीत के दौरान सवाल किया गया कि शो को छोड़ने के बाद भी गुरुचरण सिंह के संपर्क में थीं। तब उन्होंने कहा कि मैं पिछले जून से उनके संपर्क में नहीं हूं। हम पहले संपर्क में थे। उन्होंने मुझे फरवरी में तारक मेहता के 4000 एपिसोड पूरे करने पर बधाई संदेश भेजा था। इसके अलावा हम एक-दूसरे के संपर्क में नहीं थे।

गुरुचरण के पिता ने दर्ज कराई मिसिंग कम्प्लेन
गुरुचरण सिंह के पिता ने 25 अप्रैल को दोपहर 3 बजे दिल्ली के पालम थाने में मिसिंग कम्प्लेन दर्ज कराई थी। पुलिस ने किडनैपिंग का मामला दर्ज किया है। पुलिस के हाथ एक CCTV फुटेज लगा है। गुरुचरण सिंह को रात के 9 बजकर 14 मिनट पर दिल्ली के पालम इलाके में परशुराम चौक पर पैदल कहीं जाता हुआ देखा जा सकता है। उनकी पीठ पर बैग है।

बैंक डिटेल्स चेक करेगी दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस शनिवार को गुरचरण सिंह की बैंक डिटेल्स चेक करेगी, जिससे दिल्ली पुलिस को कई सुराग हाथ लग सकते हैं। पुलिस ने एक्टर के परिवार को आश्वासन दिया है कि वो जल्द गुरचरण को ढूंढ लेगी। गुरुचरण के पिता ने पुलिस को सारे डॉक्यूमेंट्स दे दिए हैं, जिससे उन्हें गुरचरण को ढूंढने में मदद मिल सके।