Monkeypox
File Pic

    Loading

    नई दिल्ली. जहां एक तरफ भारत (India) में मंकीपॉक्स (Monkey Pox) वायरस अब तेजी से अपने पांव पसार रहा है। लेकिन इन सबके बीच, दक्षिणी राज्य केरल में एक और नया मामला सामने आने के बाद से अब यहां की सरकार की चिंता बढ़ गई है। मामले पर केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि, मलप्पुरम में अब एक और 30 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण पाया गया है जिसका इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है। 

    मामले पर स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि, संक्रमित व्यक्ति 27 जुलाई को कालीकट हवाई अड्डे पर पहुंचा था और लक्षण पाए जाने के बाद उसे आइसोलेट भी कर दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि, मरीज की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर है। उसके माता-पिता सहित उसके निकट संपर्क में रहने वालों पर भी फिलहाल कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि, देखा जाए तो राज्य में मंकीपॉक्स का यह पांचवां मामला है।

    बीते शनिवार को भारत में मंकीपॉक्स से हुई थी पहली मौत 

    बता दें कि, बीते शनिवार को केरल के त्रिशूर में एक 22 साल के व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मृतक में भी मंकीपॉक्स के लक्षण पाए गए थे और वह हाल ही में UAE की यात्रा कर भारत लौटा था। वहीं केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया था कि, युवक की मौत के कारणों की जांच की जाएगी। उसके नमूनों की रिपोर्ट फिलहाल अब तक आई नहीं है। साथ ही उन्होंने बताया कि, मरीज नौजवान था और उसमें बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी कोई दूसरी दिक्कत नहीं थी।

    क्या है मंकीपॉक्स 

    दरअसल मंकीपॉक्स मानव चेचक के समान एक दुर्लभ वायरल संक्रमण है। यह पहली बार 1958 में शोध के लिए रखे गए बंदरों में पाया गया था। वहीं मंकीपॉक्स से संक्रमण का पहला मामला 1970 में दर्ज किया गया था। यह रोग मुख्य रूप से मध्य और पश्चिम अफ्रीका के उष्णकटिबंधीय वर्षावन क्षेत्रों में होता है और कभी-कभी यह अन्य क्षेत्रों में भी आसानी से पहुंच जाता है।