Bhagwant Mann
भगवंत मान (File Photo-@ANI/Twitter)

    Loading

    नई दिल्ली: पंजाब में विधानसभा चुनावों (Punjab Assembly Elections 2022) में आम आदमी पार्टी (आप) (Aam Admi Party) के सीएम पद के उम्मीदवार भगवंत मान (Bhagwant Mann) बुधवार को मुख्यमंत्री पद शपथ लेंगे। मान भगत सिंह (Bhagat Singh) के पैतृक गांव खटकड़ कलां में सुबह 11.30 बजे पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल (Delhi CM Arvind Kejriwal) और सभी विधायकों की मौजूदगी में राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 

    एएनआई के अनुसार, समारोह में पंजाब के सीएम रहे चरणजीत सिंह चन्नी को आमंत्रित नहीं किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह आप का एक्सक्लूसिव इवेंट होगा। आप सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह में केजरीवाल के अलावा कोई अन्य मुख्यमंत्री मौजूद नहीं रहेगा। इसके अलावा, शपथ ग्रहण समारोह के लिए किसी केंद्रीय मंत्री या राष्ट्रीय स्तर के किसी बड़े नेता को आमंत्रित नहीं किया गया है।

    समारोह में केवल आप के नेता और पार्टी के पंजाब से नेता शामिल होंगे। इसके अलावा, पंजाब के कई कलाकारों को समारोह में आमंत्रित किया गया है। 100 एकड़ जमीन पर समारोह के लिए खटकड़ कलां में सैकड़ों लोगों के लिए व्यवस्था की गई है। इससे पहले जारी किए गए एक वीडियो संदेश में मान ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए राज्य के लोगों को आमंत्रित किया था। उन्होंने पुरुषों से समारोह के लिए ‘बसंती’ (पीली पगड़ी) और महिलाओं को ‘पीला’ दुपट्टा पहनने का आग्रह किया गया है।

    गौरतलब है कि मान ज़्यादातर पीली पगड़ी पहने हुए नज़र आते हैं, इसकी पहचान भगत सिंह के रूप में की जाती है। आप ने हाल ही में संपन्न पंजाब विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज की थी। आप को इस चुनाव में 92 सीटें पर जीत मिली है। 117 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 18 सीटों पर जीत हासिल की थी। संगरूर जिले के धुरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे मान ने कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी पर 58,206 मतों के अंतर से जीत हासिल की है। 

    1973 में संगरूर के सतोज गांव में जन्मे मान ने अपने करियर की शुरुआत बतौर कॉमेडियन की थी। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2011 में मनप्रीत सिंह बादल के नेतृत्व वाली पंजाब पीपुल्स पार्टी से की थी। 2012 में उन्होंने लहरगागा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन असफल रहे। बाद में, वह 2014 में आप में शामिल हो गए और संगरूर लोकसभा सीट से सफलतापूर्वक चुनाव लड़ा था।