Jitan Ram Manjhi remark on Tejaswi Yadav to floor test, Bihar
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के संस्थापक और पूर्व मुख्यंमत्री जीतन राम मांझी File Photo

Loading

पटना: चार विधायकों वाली हम यानी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के संस्थापक और पूर्व मुख्यंमत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) के बयान ने बिहार का सियासी हलचल बढ़ा दिया है। मांक्षी ने विश्वासमत के दिन किसी भी तरह के खेल से इन्कार किया है। राजद (RJD) के खेला होने के दावे को उन्होंने खारिज किया। मांझी ने कहा कि अब कुछ नहीं होने वाला। जो खेला होना था, हो गया।

जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया- जो खेला होना था, हो गया। अब कुछ नहीं होने वाला। मोदी जी के नेतृत्व में NDA मजबूत था, है और रहेगा। वैसे फिर भी किसी को खेला खेलने का मन है, तो दुकान पर जाकर खिलौना ले ले। सस्ता, मजबूत एवं टिकाऊ खिलौना बेचतें हैं विकास बाबू। यही नहीं मांझी ने खिलौने के दुकानदार विकास की तस्वीर भी पोस्ट की है।

 भाकपा माले नेता ने खेल होने का किया दावा 

बता दें कि भाकपा माले (CPI-ML) विधायक दल के नेता महबूब आलम ने शनिवार को हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संस्थापक जीतनराम मांझी से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने 12 फरवरी को विश्वासमत के दौरान खेल होने का दावा किया। हालांकि उन्होंने इस सवाल का क्लीयर उत्तर नहीं दिया था कि क्या वे महागठबंधन की ओर से मांझी के लिए कोई प्रस्ताव लेकर गए थे?

मांझी अच्छा खेल दिखाएंगे

आलम ने ये जरूर कहा कि मांझी जी स्वस्थ हैं। अभी भी अच्छा खेल दिखाएंगे। उनके साथ माले विधायक सत्यदेव राम भी थे। वहीं मोर्चा के प्रवक्ता श्याम सुंदर ने कहा कि मांझी से प्रतिदिन कई लोग मिलने आते हैं। उनका दरवाजा किसी के लिए बंद नहीं रहता। पर ये बात भी स्पष्ट है कि विश्वासमत पर कोई संकट नहीं है। नीतीश कुमार विश्वास मत हासिल करेंगे। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा हर तरह से सरकार के साथ है।