बेगुसराय: बच्चे भविष्य का रूप होते हैं। बावजूद इसके आज भी हमारे समाज में ऐसे लोग हैं जो महज छोटी से गलती करने पर उन्हें प्यार से समझाने की बजाय उनके साथ ऐसा बर्ताव करते हैं कि लोग सोचने पर मजबूर हो जाएं। ताजा मामला भी कुछ ऐसा ही है जो बिहार (Bihar) के बेगुसराय (Begusarai) से सामने आया है। जहां एक 12 साल की मासूम बच्ची को खेत से पौधा तोड़ने पर पड़ोसी ने जिंदा जला दिया।
बता दें कि बिहार के बेगुसराय में एक 12 साल की बच्ची ने खेत से पौधा उखाड़ दिया। जिसके बाद गुस्साए दंपत्ति ने पहले तो उसे जमकर पिटा और जब इससे भी उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने बच्ची के ऊपर केरोसिन का तेल डालकर आग लगा दी। यह पूरा मामला शिवरौना गाँव का बताया जा रहा है।
वहीं इस पूरे मामले में पुलिस ने सिकंदर यादव और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही जख्मी बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार जरुर कर दिया है।