Ramesh Bidhuri
PTI Photo

Loading

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत के चंद्रमिशन ‘चंद्रयान-3’ की सफलता पर चर्चा के दौरान लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सदस्य दानिश अली (Danish Ali) के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए शुक्रवार को अपने सांसद रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया।

भाजपा करेगी सक्त कार्रवाई

भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने उनकी टिप्पणियों को बेहद गंभीरता से लिया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि बिधूड़ी की टिप्पणी को लेकर गुस्सा ऐसे समय में देखा जा रहा है, जब वह संसद के विशेष सत्र के दौरान पारित हुए महिला आरक्षण विधेयक का देश भर में जश्न मना रही है। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने नोटिस देकर दक्षिणी दिल्ली के सांसद से पूछा है कि असंसदीय शब्दों के इस्तेमाल के लिए क्यों ना उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

राजनाथ सिंह ने जताया खेद

बिधूड़ी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में अली के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बाद में उन शब्दों को कार्यवाही से हटा दिया। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने सदन में बिधूड़ी की टिप्पणी पर खेद जताया था। मुस्लिम सांसद के बारे में बिधूड़ी की विवादास्पद टिप्पणी का वीडियो वायरल हो गया है और विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ सदन से निलंबन सहित कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बिरला ने दी चेतावनी

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने उन्हें आगाह किया है और इस तरह के अपराध की पुनरावृत्ति होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली से दो बार के सांसद हैं। इससे पहले वह तीन बार दिल्ली विधानसभा के सदस्य भी रहे हैं। पहली बार 2014 में वह लोकसभा का चुनाव लड़े और उसमें जीत हासिल की। (एजेंसी)