Murder
प्रतीकात्मक फोटो

Loading

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार सुबह दो लोगों के साथ विवाद हुआ। इसके बाद एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवक आशीष को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विवाद की वजह का नहीं लग पाया पता

घटना भीम नगर इलाके की है, जब आशीष (20) अपने दोस्त के साथ रामलीला देखने गया था उसी दौरान उसका विवाद हो गया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल विवाद की वजह का पता नहीं चला है। पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और भीम नगर निवासी आशीष को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

दोस्त के साथ गया था रामलीला देखने

आशीष के चाचा सूरज द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, उनका भतीजा गुरुवार रात अपने दोस्त करण के साथ रामलीला देखने गया था। रात करीब एक बजे सूरज को सूचना मिली कि आशीष को किसी ने गोली मार दी है। सूरज ने अपनी शिकायत में कहा कि जब मैं अस्पताल पहुंचा तो वहां मौजूद आशीष के दोस्त करण और धीरज ने बताया कि निशी और रोहन नाम के दो लोगों के साथ उसका विवाद हुआ था और उन्होंने उसे गोली मार दी।

पंडाल के पीछे युवक को मारी गोली

पुलिस के मुताबिक,  आशीष को रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर रामलीला पंडाल के पीछे गोली मारी गई। पुलिस ने बताया कि सूरज की शिकायत पर निशी और रोहन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 यानी कि हत्या और 34  यानी कि साझा इरादा और शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।  विवाद के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। जांच अधिकारी उप निरीक्षक बहीराम कटारिया ने बताया कि आरोपी फरार हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।