दिल्ली में 40 फुट गहरे बोरवेल में गिरे व्यक्ति की मौत, आप के मंत्री ने कही ‘ये’ बात

Loading

नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड के एक जलशोधन संयंत्र में 40 फुट गहरे बोरवेल में गिरे व्यक्ति को बाहर निकालने के लिये लगभग 12 घंटे तक बचाव अभियान चलाये जाने के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने यह जानकारी दी। व्यक्ति का शव बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया है।  व्यक्ति की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है और उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे बेहद दुख के साथ यह खबर साझा करनी पड़ रही है कि बोरवेल में गिरे व्यक्ति को बचाव दल ने मृत पाया है। वह बोरवेल रूम में कैसे घुसा, बोरवेल के अंदर कैसे गिरा- इसकी जांच पुलिस करेगी। मैं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने कई घंटों तक चले बचाव अभियान में व्यक्ति को बचाने का हर संभव प्रयास किया।”

पश्चिमी दिल्ली के केशोपुर मंडी इलाके में शनिवार देर रात करीब एक बजे सूचना मिली कि दिल्ली जल बोर्ड के जलशोधन संयंत्र के बोरवेल में एक व्यक्ति गिर गया है। इसके बाद व्यक्ति को बचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) की टीम के नेतृत्व में एक अभियान चलाया गया। 

सील कराए जाएंगे बोरवेल

 इस घटना को लेकर दिल्ली में राजनीति शुरू हो गई। बीजेपी नेता कमलजीत सहरावत ने दिल्ली जल बोर्ड पर लापरवाही करने के आरोप लगाए है। घटना की जानकारी मिलने पर आतिशी ने घटनास्थल का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर बताया कि बोरवेल एक कमरे में था और वह बंद था। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। दिल्ली जल बोर्ड ने भी जांच के आदेश दिए गए हैं। आतिशी ने कहा कि जिम्मेदार व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अगले 48 घंटे में  सभी निजी और सरकारी बोरवेल जो खुल पड़े हैं उन्हें सील कराया जाएगा।