चुनावी परिणाम आने से पहले ही शुरू हुआ जोड़-तोड़; बीजेपी,कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दल हुए एक्टिव

    Loading

    नई दिल्ली: पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने में अभी भी तीन दिन का समय बचा हुआ है। लेकिन उसके पहले राजनीतिक दलों ने जोड़तोड़ की राजनीतिक शुरू कर दी है। फ़ाइनल परिणाम आने के बाद अगर किसी को सरकार बनाने के लिए कुछ सीटों की जरुरत पड़े तो वह आसानी से विधायकों को मैनेज कर सके। वहीं कई दलों ने टूट से बचाने के लिए अपने उम्मीदवारों को रिसोर्ट में रखना शुरू कर दिया है। 

    भाजपा में बैठकों का दौर शुरू

    राज्यों के चुनावी परिणाम आने के पहले भारतीय जनता पार्टी में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। पिछले दिनों जगत प्रकाश नड्डा ने अपने सभी महासचिवों  के साथ बैठक की। इस बैठक में संगठन महासचिव बीएल संतोष भी शामिल थे। इस बैठक में चुनाव परिणाम के बाद उत्पन्न होने वाली स्थिति को लेकर चर्चा की गई। हालांकि, उसके पहले भाजपा ने पांच में से चार राज्यों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया है। वहीं उत्तराखंड के भाजपा नेता महेंद्र भट्ट ने दावा किया है कि, कांग्रेस के कई जिताऊ उम्मीदवार भाजपा के संपर्क में हैं और परिणाम आने के साब सभी भाजपा में शामिल होंगे।

    पंजाब में कांग्रेस की आप से गठबंधन की चर्चा 

    पंजाब में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आप के बीच रहा है। लेकिन परिणाम आने पहले ही दोनों दलों के नेताओं के बीच गठबंधन की बातें शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता राजिंदर सिंह भट्टल ने शनिवार को दावा किया है कि अगर पंजाब में कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी से एलायंस (गठबंधन) करने की जरूरत पड़ी तो करेंगे। भुट्टल के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति गर्मा गई है। हालांकि, आप ने इससे इनकार करते हुए पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का ऐलान किया है। 

    उत्तराखंड और गोवा के प्रत्याशियों को भेजा रिसोर्ट 

    कांग्रेस के नेता जहां पंजाब में गठबंधन करने की बात कर रहे हैं। वहीं उत्तराखंड और गोवा के अपने प्रत्याशियों को वह टूट से बचाने के लिए रिसोर्ट पॉलिटिक्स शुरू कर दी है। पार्टी ने दोनों राज्यों के उम्मीदवारों को राजस्थान के किसी रिसोर्ट में भेजने का निर्णय ले लिया है। ज्ञात हो कि, गोवा और उत्तराखंड में कांग्रेस के विधायक सबसे ज्यादा टूटें हैं। जिसके कारण 2016 में जहां हरीश रावत की सरकार गिर गई थी, वहीं 2017 में वह सरकार बनाने से चूक गई थी।

    सपा प्रमुख बोले- 300 सीटों के होंगे पार 

    समाजवादी पार्टी के सुप्रीमों अखिलेश यादव ने कहा कि, सपा अपने गठबंधन साथियों के साथ उत्तर प्रदेश में 300 से ज्यादा सीट जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि, जनता में बीजेपी वालों के बहुत गुस्सा है, जो 10 मार्च को ईवीएम से निकलेगा। ज्ञात ही कि, चुनाव से पहले सपा नेता ने यूपी 400 सीट जितने का दावा किया था।