जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी आज, इन दो बड़े फैसलों पर सबकी नजर

Loading

नई दिल्ली : आज नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की जनता दल यूनाइटेड (Janata Dal United) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी करने की बैठक होने वाली है। आज इस बैठक में एक-दो अहम फैसले होने वाले हैं। आज की मीटिंग में पार्टी के भविष्य के रोड मैप पर चर्चा करके अध्यक्ष की कुर्सी पर भी बड़ा फैसला हो सकता है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि ललन सिंह अध्यक्ष पद की कुर्सी छोड़ सकते हैं और अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार की ताजपोशी हो सकती है, जिससे लोकसभा चुनाव के पहले जदयू की कमान वह खुद संभाल सकें।

पिछले कुछ दिनों से जनता दल यूनाइटेड में तरह-तरह की चर्चाएं सुनने को मिल रही हैं। हालांकि पार्टी के नेता इन सभी चर्चाओं को केवल मीडिया की अटकलें बता रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी पर इस तरह की अफवाह फैलाने व पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगा रहे हैं। इसके बावजूद भी आज बिहार की राजनीति के लिए एक बड़ा दिन कहा जा सकता है, क्योंकि आज बिहार की राजनीति के लिए होने वाले फैसले पर मुहर लगने वाली है।

जनता दल यूनाइटेड की  राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू होगी और शाम 3:30 बजे राष्ट्रीय परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी। इन दोनों बैठकों के बाद 5:30 बजे जनता दल यूनाइटेड के सिर्फ नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कार्यकारिणी में हुए फैसलों की जानकारी देंगे।

ललन सिंह और नितीश कुमार

राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव हो सकता है पास

मीडिया रिपोर्ट्स और राजनीतिक गलियारों में मिली जानकारी के अनुसार पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह अपने पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं। वह खुद इस्तीफा देकर नीतीश कुमार को पार्टी की कमान संभालने का प्रस्ताव रख सकते हैं। इसके अलावा कार्यकारिणी की बैठक में जनता दल यूनाइटेड के राजनीतिक और आर्थिक प्रस्ताव को पास कर सकती है।  राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भारतीय जनता पार्टी सरकार की देश व समाज विरोधी नीतियों पर भी जरूर चर्चा की जाएगी और उसी हिसाब से आगे की चुनावी रणनीति बनाने पर चर्चा होगी, ताकि अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी के ग्राफ को और मजबूत किया जा सके।

2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बदलाव

ऐसा माना जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी को एकजुट रखने के लिए नीतीश कुमार को आगे किया जाएगा। इसके लिए ललन सिंह को इस्तीफे के लिए मना लिया गया है। इसीलिए ललन से खुद अपना इस्तीफा देकर पार्टी अध्यक्ष की कमान संभालने के लिए नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव कर सकते हैं। हालांकि इस्तीफे की खबरों पर ललन सिंह ने मीडिया को दो टूक जवाब दिया था और कहा था अगर मैं इस्तीफा दूंगा तो आप लोगों को जरूर सूचित करुंगा।

ललन सिंह, जदयू अध्यक्ष

खींचतान और सस्पेंस की राजनीति

जनता दल यूनाइटेड में खींचतान और सस्पेंस की राजनीतिक के कारण इस तरह की अटकलों को बल मिल रहा है और माना जा रहा है कि जनता दल यूनाइटेड में एक और टूट हो सकती है। इसीलिए नीतीश कुमार खुद कमान संभालने की ओर जा सकते हैं। इसके पीछे एक बड़ी चर्चा यह है कि ललन सिंह राजद के करीब कहे जाते हैं। इसके अलावा पार्टी के कई नेता अपने गठबंधन की पुरानी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर सीधा हमला बोलने से बचते नजर आ रहे हैं।

कुछ नेता भाजपा सरकार के एक्शन से सकते में दिख रहे हैं और भाजपा के साथ अच्छे रिश्ते रखना चाह रहे हैं। इसको लेकर पार्टी में काफी विरोधाभास है। इसीलिए पार्टी का एक धड़ा लालू यादव की राजद के साथ जाने की बात पर सहमत है, तो वहीं दूसरा धड़ा भारतीय जनता पार्टी की ओर जाता दिखाई दे रहा है। ऐसे में पार्टी को एकजुट रखना नीतीश के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। इसीलिए नीतीश कुमार यह एक बार फिर से पार्टी के कमान संभाल सकते हैं और लोकसभा में पार्टी को और अच्छे प्रदर्शन के लिए तैयार कर सकते हैं।