pm modi nitish kumar

Loading

नई दिल्ली/पटना: आज यानी बुधवार 7 जनवरी को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से मुलाकात करेंगे। बिहार में 28 जनवरी को महागठबंधन छोड़कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में लौटने के बाद नीतीश पहली बार दिल्ली में मोदी के साथ बैठक करेंगे। बता दें कि, नीतीश सरकार को 12 फरवरी को विश्वास मत का सामना करना है, जिससे केवल पांच दिन पहले दोनों नेताओं के बीच यह बैठक हो रही है। 

क्यों है मुलाकात महत्वपूर्ण 

देखा जाए तो नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की दिल्ली की यह यात्रा कई मायने में महत्वपूर्ण है। दरअसल वह प्रधानमंत्री के साथ राजनीतिक परिदृश्य के साथ-साथ बिहार के विकास से जुड़े मुद्दे पर भी आज बात कर सकते हैं। दरअसल दो दिन पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में लघु उद्यमी योजना का आरंभ किया है।

ऐसे में इस योजना के तहत बिहार के 94 लाख वैसे परिवार जिनकी आमदनी प्रति माह छह हजार रुपए से कम है को स्वावबलंबन के लिए दो-दो लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराएगी। हालाँकि राज्य सरकार अपने बजट से इसके लिए 250 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं। NDA गठबंधन में आने के पहले भी वह इस योजना में केंद्र की मदद की बात कह चुके हैं।

गौरतलब है कि, बिहार में अभी NDA को विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना है। वहीँ बिहार विधानमंडल का बजट सत्र 12 फरवरी से आरंभ होना है। इस सत्र में ही NDA की सरकार को अपना बहुमत साबित करना है। इस बारे में भी मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री मोदी के साथ चर्चा संभव है। 

शाह और नड्डा से भी हो सकती है मुलाकात 

सूत्रों की मानें तो, CM नीतीश के राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिलने की उम्मीद है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। जदयू सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के शीर्ष नेताओं से नीतीश की मुलाकात के दौरान राज्य में राज्यसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। 

वैसे भी बिहार में राज्यसभा की छह सीटें खाली हो रही हैं, जिनके लिए 27 फरवरी को चुनाव होना है। इन 6 सीटों में से दो पर वर्तमान में JDU का कब्जा है जबकि दो RJD  के खाते में हैं। JDU  के पूर्व अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह और वरिष्ठ नेता अनिल हेगड़े राज्यसभा के सदस्य हैं, वहीं RJD की दो सीट मनोज कुमार झा और मीसा भारती के पास है। एक सीट BJP के सुशील कुमार मोदी के पास है, जो पूर्व उपमुख्यमंत्री हैं और एक सीट कांग्रेस के पास है, जो पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के पास है। राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल दो अप्रैल को समाप्त होने वाला है।