murmu-bharat-ratna

Loading

नई दिल्ली: आज यानी शनिवार 30 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की 5 शख्सियतों को सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पी.वी.नरसिम्हा राव, कृषि वैज्ञानिक डॉ एमएस स्वामीनाथन, और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर शामिल रहे। वहीं BJP के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न का सम्मान मिलना था, लेकिन आज वह निजी कारणों से राष्ट्रपति भवन में उपस्थित नहीं हुए। ऐसे में अब आगामी 31 मार्च को राष्ट्रपति उनके घर जाकर उन्हें सम्मानित करेंगी।

आडवाणी को छोड़कर सभी 4 शख्सियतों को मरणोपरांत भारत रत्न दिया जा रहा है। इनके परिजन ने राष्ट्रपति से यह सम्मान लिया है। राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए मुर्मू से यह सम्मान उनके पुत्र पी वी प्रभाकर राव ने स्वीकार किया। चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया।

स्वामीनाथन की ओर से उनकी बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर की ओर से उनके बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति मुर्मू से यह पुरस्कार लिया। आज इस ख़ास समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। बताते चलें कि, ‘मोदी’ सरकार ने इस साल राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन के अलावा भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री एल के आडवाणी को भारत रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की थी।