डेंगू से लड़ने में इन फलों का तोड़ नहीं, घटते प्लेटलेट्स को तेज़ी से बढ़ाने की है इनमें गजब की क्षमता

Loading

सीमा कुमारी

नवभारत: देशभर में डेंगू के मामले बहुत तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इसलिए इसके प्रसार को नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक कदमों का पालन करना आवश्यक हो गया है। विभिन्न कारणों से किसी व्यक्ति में डेंगू होने का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा, डेंगू में मरीज को तेज बुखार, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, सिरदर्द आदि की समस्या होती है। इस बुखार में ब्लड प्लेटलेट्स भी तेजी से गिरने लगती हैं। ऐसे में मरीज को अपनी डाइट का विशेष ख्याल रखना चाहिए, जिससे जल्द रिकवर होने में मदद मिलेगी। हेल्दी डाइट लेने से डेंगू बुखार में आराम मिल सकता है। ऐसे में आइए जानें कुछ फलों के बारे में जिन्हें खाने से प्लेटलेट्स काउंट तेजी से बढ़ते हैं।

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, अनार सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाया जाता है। जो आपको कई समस्याओं से बचाता है। इसमें विटामिन-C की भरपूर मात्रा होती है। अनार खाने से थकान, कमजोरी आदि समस्याओं से राहत मिलती है। यह शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में सहायता करता है। इसके अलावा, अनार इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाता है।

आपके शरीर को अपना संतुलन पुनः प्राप्त करने के लिए कार्बोहाइड्रेट अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। दलिया के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि इसे पचाना आसान है और इसे अधिक मात्रा में खाने पर भी आपको हल्का महसूस होता है। सबसे अच्छा पहलू यह है कि आप लैक्टोज असहिष्णुता होने पर भी इसे नमकीन रूप में खा सकते हैं।

पाचन को स्वस्थ रखने के लिए केला खाने की सलाह दी जाती है। यह आयरन और फोलेट का समृद्ध स्रोत है। यह शरीर को उर्जावान रखने में भी मदद करता है। प्लेटलेट्स काउंट बढ़ाने में केला मददगार साबित हो सकता है।

डेंगू में पपीता की पत्तियों को कारगर उपाय माना जाता है। आप इसे फल के रूप में भी खा सकते हैं। यह प्लेटलेट्स काउंट बढ़ाने में मदद करता है। फाइबर से भरपूर पपीता खाने से डेंगू बुखार से ठीक होने में मदद मिल सकती है।

पोषक तत्वों से भरपूर कीवी डेंगू में काफी कारगर है। यह फल डेंगू के मरीजों के लिए रामबाण है। कीवी में फाइबर भी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन को स्वस्थ रखता है, साथ ही प्लेटलेट्स काउंट बढ़ाने में कीवी आपकी मदद कर सकता है।

रिसर्च के अनुसार, डेंगू बुखार में शरीर को हाइड्रेट रखना काफी जरूरी है। इसके लिए आप नारियल पानी पी सकते हैं। जिससे शरीर को इंस्टेंट एनर्जी मिलती है। नारियल पानी शरीर के टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है।