Holi 2024, Kids Care Tips
बच्चों को सिखाएं होली से जुड़ी बातें (Social Media)

Loading

सीमा कुमारी

नवभारत लाइफस्टाइल डेस्क: यूं तो भारत के हर त्योहार का अपना अलग ही महत्व होता है। अगर बात ‘होली’ (Holi 2024) के त्योहार की करें तो, होली आपसी प्रेम और सद्भावना का महापर्व है। होली एक ऐसा त्योहार जिसमे लोग एक दूसरे को रंगों में सराबोर करते हैं। घरों में कई तरह के पकवान बनाए जाते हैं। खासकर, गुजिया और मालपुआ। इस दिन लोग एक दूसरे के घर जाकर रंग-गुलाल लगाते हैं और होली की शुभकामनाएं देते हैं।

इस त्योहार से यह सीख मिलती है कि जीवन में होली के रंगों की तरह विविधता स्वीकार करनी चाहिए, रंगों का त्योहार होली न केवल खुशियों और उत्साह का प्रतीक है, बल्कि बच्चों को जीवन के कई महत्वपूर्ण सबक भी सिखा सकता हैं। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत, भेदभाव का खंडन, परिवार का महत्व, मिलजुलकर रहना और रचनात्मकता जैसे मूल्यों को सिखाने का एक शानदार अवसर प्रदान करता हैं। ऐसे में आइए जान लें बच्‍चों को होली के जरिए क्या सीख मिलती हैं।

इन बातों का रखें ख्याल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, होली का त्योहार बच्चों को यह भी सीखाता है कि घमंड हमेशा हारता है, क्योंकि होली का त्योहार भक्त प्रहलाद की जीत के रूप में मनाया जाता है। इस कहानी में यह भी बताया गया है कि कैसे वरदान के चलते होलिका प्रह्लाद को गोद में लेकर आग में बैठ जाती हैं और अपने घमंड के कारण वह खुद ही उसमें जलकर भस्म हो जाती है। इससे बच्चों को यह शिक्षा भी मिलती है कि परिस्थिति चाहे कोई भी हो अंत में हार हमेशा घमंड की ही होती है।

होली में सभी रंगों का मिश्रण होता है, जो विविधता का प्रतीक है। यह उत्सव जाति, धर्म और मजहब से परे है। इस त्योहार में लोग एक दूसरे के साथ रंग खेलते हैं, गले मिलते हैं और खुशियां मनाते है। इस त्योहार के जरिए बच्चों को एक दूसरे के प्रति प्यार, स्नेह और सद्भावना का संदेश भी दिया जा सकता है।

होली बुराई पर अच्छाई की जीत का भी त्योहार है ऐसे में आप हमेशा उन्हें अच्छे काम करने के लिए प्रेरित करें। उन्हें समझाएं कि गलती छुपाने से सही नहीं होती यदि उनसे गलती होती है तो उन्हें सुधारना भी उनकी जिम्मेदारी है। इससे बच्चों को आगे चलकर सही और गलत के बीच फर्क भी समझ आएगा।

जानकारों का मानना है कि होली एक ऐसा त्योहार है, जो परिवार को एक साथ लाता है। बच्चे इस त्योहार से परिवार के महत्व और एकता का पाठ सीख सकते है। होली मनाने के लिए परिवार के सदस्य एक साथ आते हैं, रंग खेलते हैं, मिठाई खाते हैं और एक दूसरे के साथ खुशी बांटते है। ऐसे में हमारे लिए परिवार का बड़ा ही महत्व है।

होली में सभी लोग एक समान होते है। फिर चाहे वे अमीर हों या गरीब, बड़े हों या छोटे, पुरुष हों या महिला, सभी लोग एक दूसरे के साथ रंग खेलते हैं और खुशियां मनाते है। बच्चे को इस त्योहार के माध्यम से यह सीखा सकते हैं कि किसी के साथ भी भेदभाव की भावना नहीं रखनी चाहिए। होली सभी के लिए समान खुशी और उत्साह का त्योहार है।

बच्चों को अच्छी सीख देने के लिए आप उन्हें होली में जरूर शामिल करें। पूरे साल यदि आपके बच्चे मोहल्ले के बच्चों के साथ नहीं खेले तो होली पर उन्हें यह मौका मिल सकता है। त्योहार सभी को एक कर देते हैं। इसके अलावा, होली के जरिए बच्चे सीख पाएंगे कि जीवन में उन्हें एक साथ आगे बढ़ना है। एकता के साथ बच्चे का व्यक्तित्व और भी अच्छा बन पाएगा।