coronavirus

    Loading

    मुंबई.  मुंबई (Mumbai) में कोरोना संक्रमण (Corona Infection) रोकने के लिए नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) से लेकर लॉकडाउन (Lockdown) तक किए जा रहे तमाम उपाय अपर्याप्त साबित हो रहे हैं। दो महीने से कोरोना मरीजों (Corona Patients) की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कोरोना मरीजों की कुल संख्या 5 लाख के पार चली गई है।  पिछले 20 दिन में ही कोरोना मरीजों की संख्या में 1 लाख 38 हजार 246  की वृद्धि हो चुकी है। इस दौरान लगभग 98 हजार 67 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है।

    इस वर्ष जनवरी-फरवरी तक मरीजों की संख्या बहुत कम हो गई थी। रोज 300-500 मरीज मिल रहे थे। मरीजों की संख्या कम होने के बाद लोकल ट्रेन सहित सभी कामकाजी गतिविधियों को खोल दिया गया था। लेकिन फरवरी मध्य से एक बार फिर संख्या बढ़ने लगी। एक दिन तो मरीजों की संख्या 11,800 पहुंच गई थी। अब भी रोज 9000 से ज्यादा मरीज पाए जा रहे है। 

    लगातार बढ़ रही है मरीजों की संख्या

    मुंबई में 21 मार्च को कुल मरीजों की संख्या 3 लाख 62 हजार 654 थी, लेकिन 9 अप्रैल को मरीजों की संख्या  5 लाख 898 मरीज दर्ज किए गए। इन 20 दिनों में 1 लाख 38 हजार 246 मरीज बढ़ गए।  मार्च महीने में रोज ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 500-600 था। 21 मार्च तक 2 लाख 99 हजार 546 मरीज ठीक हो चुके थे। 9 अप्रैल को ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 3 लाख 97 हजार 613 था। पिछले 20 दिनों में 98 हजार 67 मरीज को अस्पताल से  डिस्चार्ज किया गया। 

    मुंबई में मृतकों का आंकड़ा 11 हजार 909 हो गया

    मुंबई में मृतकों का आंकड़ा 11 हजार 909 हो गया है। मुंबई में अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 90 हजार 333 हो गई है। जिस तरह से रोज नए मरीज मिल रहे हैं जल्द ही सक्रिय मरीजों की संख्या एक लाख के पार हो जाएगी जो अब तक की सर्वाधिक संख्या होगी। मुंबई में अब तक 45 लाख 09 हजार 881जांच की गई है। मुंबई में सभी को बेड उपलब्ध हो सके इसलिए जिन मरीजों का  घर पर इलाज हो सकता है उन्हें अस्पताल से घर जाने को कहा जा रहा है। क्वारंटाइन सेंटर में रखे गए मरीजों को भी 10 दिन पूरा होने के बाद जांच कर घर जाने दिया जा रहा है।