3 जनवरी को हुआ था भारत की पहली शिक्षिका सावित्रीबाई फुले का जन्म

Loading

नई दिल्ली: ग्रेगोरियन कैलेंडर के हिसाब से साल का तीसरा दिन देश और दुनिया में तमाम तरह की कई अहम घटनाओं का साक्षी रहा। इस दिन की सबसे खास बात यह है कि भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले (Savitribai Phule) का जन्म इसी दिन हुआ था।  तीन जनवरी, 1831 को जन्मीं सावित्रीबाई फुले भारत के पहले बालिका विद्यालय की पहली प्रधानाचार्या और पहले किसान स्कूल की संस्थापिका थीं। सावित्रीबाई ने अपना पूरा जीवन एक मिशन की तरह व्यतीत किया। 

इसके अलावा तीन जनवरी की एक अहम घटना यह रही कि 1993 को दुनिया की दो महाशक्तियां रूस और अमेरिका अपने-अपने परमाणु हथियारों के भंडार को आधा करने के लिए तैयार हो गईं।   देश दुनिया के इतिहास में तीन जनवरी की तारीख में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-  

1831: देश की पहली शिक्षिका सावित्रीबाई फुले का जन्म।

1836 : मुंशी नवल किशोर का जन्म।

1880 : ‘इलस्ट्रेटेड वीकली ऑफ इंडिया’ का पहला अंक बम्बई में प्रकाशित। 

1938 : अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट ने पोलियो की बीमारी का इलाज ढूंढ़ने के लिए एक फाउंडेशन की स्थापना की। रूजवेल्ड 1921 में इस बीमारी की चपेट में आए थे।  

1959 : अलास्का को अमेरिका का 49वां राज्य घोषित किया गया।

1980 : अफगानिस्तान के राष्ट्रपति बाबरक कर्माल ने सोवियत हमले को सही ठहराया।

1993: अमेरिका और रूस इस बात पर राजी हुए कि वे अपने-अपने परमाणु हथियारों के भंडार को आधा कर देंगे।

2001 : हिलेरी क्लिंटन ने न्यूयार्क के सीनेटर के तौर पर शपथ ग्रहण की। वह देश के इतिहास में पहली पूर्व प्रथम महिला हैं, जिन्होंने चुनावी विजय हासिल की।

2004 : मंगल के अन्वेषण के लिए निकला अंतरिक्ष यान रोवर स्पिरिट ग्रह के रासायनिक और भौतिक संयोजन के अध्ययन के लिए मंगल पर उतरा।

2004 : मिस्र की विमानन कंपनी फ्लैश एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान 604 के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी 148 लोग मारे गए।  

2014 : अलकायदा के चरमपंथियों ने इराक के फालुजा में पुलिस मुख्यालय को नुकसान पहुंचाया और इलाके को अपने कब्जे में बताते हुए उसके एक स्वतंत्र क्षेत्र होने का ऐलान किया।

(एजेंसी)