pune bjp

    Loading

    पिंपरी:  राज्य चुनाव आयोग (State Election Commission) द्वारा मंगलवार को जारी किए गए वार्ड संरचना (Ward Structure) के मसौदे पर भाजपा (BJP) के पिंपरी-चिंचवड शहर अध्यक्ष और विधायक महेश लांडगे (MLA Mahesh Landge) और पूर्व अध्यक्ष और विधायक लक्ष्मण जगताप (MLA Laxman Jagtap) ने तत्काल बयान जारी कर कहा कि यह संरचना भाजपा के अनुकूल है। हालांकि, दूसरे ही दिन भाजपा के तीनों विधानसभा क्षेत्रवार प्रभारियों ने कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में अवैध रूप से तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि वे कम से कम 10 वार्डों की संरचना पर आपत्ति दर्ज करेंगे। उन्होंने इसके लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की चेतावनी भी दी। इससे भाजपा विधायक और प्रभारी की असंगत भूमिका सामने आई है।

    भाजपा प्रभारियों का कहना है कि पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका प्रशासन ने आम चुनाव के लिए राज्य में महाविकास आघाड़ी के नेताओं से हाथ मिला कर वार्ड निर्माण में राजनीतिक दखल दिया है। हालांकि वार्ड संरचना भाजपा के लिए पूरक है, लेकिन कुल 46 वार्डों में से करीब 10 में अवैध रूप से ‘तोड़फोड़’ की गई है। 

    असंवैधानिक रुप से वार्ड संरचना की गई 

    भोसरी विधानसभा क्षेत्र में तीन-चार, पिंपरी विधानसभा क्षेत्र में तीन और चिंचवड विधानसभा क्षेत्र में तीन से चार जगहों पर असंवैधानिक रुप से वार्ड संरचना की गई है। इसे चुनाव आयोग के संज्ञान में लाया जाएगा। हम इस संबंध में आपत्ति उठाएंगे और राज्य चुनाव आयोग और उच्च न्यायालय से भी निवारण मांगेंगे, यह भी प्रभारियों ने कहा है। पिंपरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रभारी सदाशिव खाडे ने कहा कि पिंपरी निर्वाचन क्षेत्र के कुछ वार्डों में गलत तरीके से संरचना की गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रस्थापित नगरसेवकों को लाभ होगा। हम इसका विरोध करने जा रहे हैं। महाविकास आघाड़ी सरकार के नेताओं ने अपनी सत्ता और शक्ति का दुरूपयोग कर अवैध संरचना की है। 

    …तो हम कोर्ट जाएंगे

    चिंचवड विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रभारी संतोष कलाटे ने कहा कि चिंचवड में भाजपा के ‘मजबूत’ उम्मीदवारों को नुकसान होने की आशंका है। कहीं वार्ड की सीमा निर्धारित करते समय नियमों का उल्लंघन किया गया है। शहर के अन्य वार्ड भाजपा के अनुकूल हैं, लेकिन कुछ जगहों पर हम आपत्ति जरूर करेंगे। अगर आयोग ने मंजूरी नहीं दी तो हम कोर्ट जाएंगे।

    वार्ड संरचना में काफी राजनीतिक दखलंदाजी हुई 

    भोसरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रभारी विजय फुगे ने बताया कि भोसरी विधानसभा क्षेत्र में 17 से 18 वार्ड हैं। भोसरी गांव के 4 वार्डों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने जानबूझ कर तोड़फोड़ की। वार्ड संरचना में काफी राजनीतिक दखलंदाजी हुई है।  चरहोली और क्षेत्र को जनसंख्या और क्षेत्रफल के आधार पर एक अलग वार्ड किया जा सकता है। चूंकि दिघी भोसरी से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसके दिघी-भोसरी और दिघी-बोपखेल में विभाजित होने की उम्मीद है। हालांकि अभी केवल दिघी बोपखेल वार्ड बनाया गया है और दूसरा हिस्सा सीधे चरहोली से जुड़ा है। यह नियमों का पालन नहीं करता है। मोशी गांवठान, शिवाजीवाड़ी, गंधर्वनगरी का वार्ड 8 किलोमीटर की यात्रा करके भोसरी से जुड़ा है। यह भौगोलिक रूप से अव्यवस्थित है और नागरिकों के हित में नहीं है। गांव के वार्ड उसी गांव में होने चाहिए।