Tom Lockyer Luton club captain EPL Football Match
टॉम लॉकयर (PIC Credit: X)

Loading

लंदन: ल्यूटन के कप्तान (Luton Captain) टॉम लॉकयर (Tom Lockyer) इस साल दूसरी बार दिल का दौरा पड़ने के कारण मैदान पर गिर पड़े जिसके कारण बोर्नमाउथ में खेला जा रहा इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) फुटबॉल प्रतियोगिता (Football Competition) का मैच रद्द करना पड़ा।

ल्यूटन ने बताया कि लॉकयर को तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। उनका परिवार उनके साथ है। वेल्स का यह डिफेंडर मैच के 59वें मिनट मैदान पर गिर पड़ा था। दोनों टीम के खिलाड़ी तुरंत ही उनके पास पहुंचे। ल्यूटन के कोच रॉब एडवर्डस भी तुरंत मैदान में चले गए। वह काफी परेशान दिख रहे थे।

इस 29 वर्षीय खिलाड़ी को मैदान पर ही उपचार दिया गया और बाद में उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया। तब तक उनकी स्थिति में थोड़ा सुधार हो गया था। उस समय मैच 1-1 से बराबरी पर था और रेफरी साइमन हूपर ने मैच को रद्द करने का फैसला किया। मैच रद्द किए जाने के बाद भी दर्शक स्टेडियम में मौजूद रहे। वे लॉकयर के समर्थन में नारे लगा रहे थे।

ल्यूटन ने बयान में कहा,‘‘दोनों टीम के प्रशंसकों के प्रति हमें खेद है लेकिन अपने साथी और मित्र के इस तरह से मैदान छोड़ने के बाद दोनों टीम के खिलाड़ी खेल आगे जारी रखने की स्थिति में नहीं थे।” लॉकयर इससे पहले मई में वेम्बले स्टेडियम में खेले जा रहे एक मैच के दौरान नीचे गिर पड़े थे। उनके दिल का ऑपरेशन किया गया और बाद में उन्हें खेलना जारी रखने की अनुमति मिल गई थी।

इस बीच मैनचेस्टर सिटी ने दो गोल की बढ़त के बावजूद क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ मैच 2-2 से ड्रॉ खेला और इस तरह से दो महत्वपूर्ण अंक गंवाए। सिटी का यह अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीसरा मैच था जिसमें उसने अंक बांटे। अन्य मैचों में न्यूकासल ने फुलहम को 3-0 से और चेल्सी ने शैफील्ड यूनाइटेड को 2-0 से हराया। (एजेंसी)