Congress
File Photo

    Loading

    नई दिल्ली. कांग्रेस ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए रविवार को 250 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। कांग्रेस वार्ड नंबर 1 नरेला से निर्माल देवी, वार्ड नंबर 2 बांकनेर से आनंद कुमार खत्री, वार्ड नंबर 3 होलंबी कलां से मोनिका चौधरी, वार्ड नंबर 4 अलीपुर से राय सिंह मान, वार्ड नंबर 5 बख्तावरपुर से ज्योति उपाध्याय को टिकट दिया है।

    पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने उम्मीदवारों की सूची संलग्न करते हुए ट्विटर पर कहा, “एमसीडी चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की अनुमोदित सूची की घोषणा करते हुए मुझे खुशी हो रही है। सभी योद्धाओं को शुभकामनाएं।”

    बता दें कि एमसीडी में पिछले 15 सालों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कब्जा है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) भी एमसीडी चुनाव में अपना जोर आजमा रही है। एमसीडी की 250 सीटों पर 4 दिसंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती सात दिसंबर को होगी।

    एमसीडी चुनाव के मुख्य मुद्दे

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के मुख्य मुद्दों में टूटी सड़कें, जलजमाव और कचरा प्रबंधन के मामले शामिल हैं, जिनका सामना राष्ट्रीय राजधानी के लोग वर्षों से कर रहे हैं। उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली की रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने यह बात कही। उत्तरी दिल्ली (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष अशोक भसीन ने कहा कि इस इलाके की 80 फीसदी सड़कें टूटी हैं और मलिन बस्तियों के आसपास की सीवर लाइन ठीक कराने की जरूरत है।

    पूर्वी दिल्ली आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष बीएस वोहरा ने कहा कि नगर निकाय को मुख्य रूप से नागरिक आधारभूत संरचनाओं पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जल निकासी प्रणाली ठीक नहीं होने से लोगों को बरसात में जलजमाव जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है तथा गढ्ढा युक्त सड़कों की वजह से यह समस्या और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि जलजमाव सबसे बड़ी समस्या है जिसे पूर्वी दिल्ली के लोग दो दशक से झेल रहे हैं। बरसात के दिनों में कई दिन तक सभी सड़कों पर जलजमाव के कारण घर से निकलना असंभव हो जाता है। (एजेंसी इनपुट के साथ)