prafull-singh-delhi-metro-guinness-world-records-fastest-time-to-travel-to-all-metro-stations

दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) ने ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी है।

    Loading

    नई दिल्ली, दुनिया में कई ऐसे लोग है जो कई अलग अलग तरीकों से वर्ल्ड रिकॉर्ड (World Record) बनाते है। ऐसे ही लोगों के बीच अब दिल्ली में रहने वाले एक शख्स का नाम शामिल हो गया है। इस शख्स ने दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में सफर करके गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Records) में नाम दर्ज करा लिया है। यह कारनामा करने वाले  प्रफुल्ल सिंह (Prafull Singh) दिल्ली मेट्रो में ही काम भी करते हैं।

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के कर्मचारी प्रफुल्ल सिंह ने 348 किलोमीटर नेटवर्क में फैले 254 स्टेशनों की यात्रा की है। सूत्रों ने बताया कि प्रफुल्ल सिंह ने रिकॉर्ड का प्रयास करने से पहले उचित अनुमति ली थी।  

    दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) ने ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी है। दिल्ली मेट्रो ने प्रफुल्ल सिंह की तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में  प्रफुल्ल किसी मेट्रो स्टेशन के प्लैटफॉर्म पर खड़े नजर रहे हैं और उनके हाथों में प्रशस्ति पत्र है। यह रिकॉर्ड बनाने के लिए प्रफुल्ल ने 254 स्टेशनों का सफर तय किया। जिसमें उनको 16 घंटे 2 मिनट 17 सेकंड लगे।

    इस पोस्ट में कहा गया है कि, ‘प्रफुल्ल सिंह ने मेट्रो के सभी स्टेशनों पर सबसे तेजी से यात्रा करने का कीर्तिमान बनाया। जिसके लिए उन्हें गिनीज बुक में जगह दी गई है। उन्होंने 254 स्टेशनों पर 348 किलोमीटर की यात्रा केवल 16 घंटे और 2 मिनट में पूरी की। डीएमआरसी परिवार को प्रफुल्ल की उपलब्धि पर गर्व है।’

    दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) में ऐसा एक रिकॉर्ड पहले से दर्ज था। उस शख्स ने 16 घंटे 45 मिनट में सभी मेट्रो स्टेशनों में सफर किया था। अब प्रफुल्ल ने 16 घंटे 2 मिनट 17 सेकेंड में दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशनों पर ट्रैवल करके उस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

    कौन है प्रफुल्ल सिंह?

    प्रफुल्ल सिंह पिछले 5 साल से डीएमआरसी में काम कर रहे है। वह दिल्ली के रोहिणी इलाके में रहते हैं। वह डीएमआरसी के ऑपरेशंस डिपार्टमेंट में स्टेशन कंट्रोलर और ट्रेन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। 

    डीएमआरसी से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रफुल्ल ने पिछले साल 29 अगस्त को गिनीज रेकॉर्ड कायम करने के कोशिश की थी, जिसमें वह सफल रहे। हाल ही में प्रफुल्ल को गिनीज रेकॉर्ड कायम करने का सर्टिफिकेट हासिल हुआ है। इस शानदार उपलब्धि के लिए डीएमआरसी ने भी उन्हें बधाई दी है। 

    मिली हुई जानकारी के मुताबिक, प्रफुल्ल काफी दिनों से यह रेकॉर्ड बनाने की प्लानिंग कर रहे थे। जनवरी 2021 में उन्होंने इसके लिए आवेदन किया था, जिसके बाद अप्रैल में उन्हें मंजूरी मिल गई। इसके बाद अगस्त में उन्होंने अटेंप्ट किया और अपने पहले ही प्रयास में वह सफल रहे। 

    प्रफुल्ल ने 29 अगस्त को सुबह 9 बजे के करीब ग्रीन लाइन के ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेशन से अपना सफर शुरू किया और रात 12:30 बजे के आस-पास वायलेट लाइन के राजा नाहर सिंह स्टेशन पर अपना सफर खत्म किया। वह पूरे दिन मेट्रो में यात्रा करते रहे और हर स्टेशन पर उतरकर लॉग बुक में उसकी एंट्री करके विटनेस के साइन लेते रहे। वह खाने-पीने का सामान भी साथ लेकर गए थे और पूरी प्लानिंग के साथ इंटरचेंज करके दूसरी लाइनों के भी सभी स्टेशनों को कवर कर लिया।