Monkeypox
File Pic

    Loading

    नयी दिल्ली. दिल्ली (Delhi) में सोमवार को मंकीपॉक्स (Monkeypox) का दूसरा मामला सामने आया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 35 वर्षीय एक नाइजीरियाई व्यक्ति (Nigerian youth) में संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि, उसके हाल-फिलहाल में विदेश यात्रा करने का कोई इतिहास नहीं है। इसी के साथ भारत में मंकीपॉक्स से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।

    सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंकीपॉक्स से संक्रमित मिले नाइजीरियाई व्यक्ति को सरकारी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो राष्ट्रीय राजधानी में इस संक्रमण के इलाज के लिए नोडल अस्पताल है।

    सूत्रों के मुताबिक, नाइजीरियाई व्यक्ति पिछले पांच दिनों से बुखार से जूझ रहा है और उसके शरीर पर दाने भी हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमित के हाल-फिलहाल में विदेश या देश में यात्रा करने का कोई इतिहास नहीं है।

    सूत्रों के अनुसार, नाइजीरियाई व्यक्ति के नमूने पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) भेजे गए थे और सोमवार शाम आई जांच रिपोर्ट से उसमें संक्रमण की पुष्टि हो गई। उन्होंने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में अफ्रीकी मूल के दो और संदिग्ध मरीजों को भी भर्ती कराया गया है। (एजेंसी)