मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में पिछले 24 घंटे में 2,678 नए मामले सामने आए हैं। जबकि, 8 मरीजों की मौत हो गई। वहीं, ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट B.A.2.75 के 20 नए मामले भी सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की तादाद बढ़कर 79,95,729 और मृतक संख्या 1,47,964 हो गई है। यह जानकारी गुरुवार को महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने दी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट B.A.2.75 के नए मामले नागपुर संभाग में दर्ज किए गए हैं, जिसमें नागपुर, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और वर्धा जिला शामिल हैं। ये मामले 15 जून से 5 जुलाई के बीच लिए गए नमूनों की जांच से सामने आए।
विभाग ने बताया कि आज सामने आए B.A.2.75 वैरिएंट के नए मामलों में 11 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं। इन सभी ने कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज ली हुई है। सभी मरीज़ या तो बिना लक्षण वाले या हल्के लक्षण वाले थे और ये सभी बीमारी से उबर चुके हैं। इसी के साथ राज्य में B.A.2.75 वैरिएंट के नए मामलों की संख्या बढ़कर 30 हो गई।
3,238 लोग उबरे
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में 3,238 लोग कोरोना मुक्त हुए हैं। जिसके बाद महामारी से ठीक होने वालों की कुल संख्या बढ़कर 78,28,352 हो गई है। राज्य में आज रिकवरी रेट 97.91% और डेथ रेट 1.85% दर्ज किया गया। वर्तमान में राज्य में 19,413 एक्टिव मरीज है।
मुंबई में 540 नए केस, 2 की मौत
मुंबई में कोरोना के 540 नए मामले और 2 मौतें दर्ज की गई है। इसी के साथ शहर में संक्रमितों की संख्या 1,117,367 और मृतक संख्या 19,622 हो गई है। शहर में आज 1,263 लोग इस वायरस से उबरे हैं। इसी के साथ महामारी से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 1,092,870 हो गई है। फिलहाल शहर में 4,875 एक्टिव मरीज है।