NCP प्रमुख शरद पवार के खिलाफ ‘अपमानजनक’ पोस्ट करना अभिनेत्री को पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    Loading

    मुंबई: ठाणे पुलिस (Thane Police) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) के खिलाफ फेसबुक पर एक “अपमानजनक” पोस्ट साझा करने के मामले में मराठी अभिनेत्री केतकी चिताले (Ketaki Chitale) को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले ठाणे पुलिस ने उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज किया था। अभिनेत्री पर अब तक कुल तीन की गई हैं। इनमें से एक केस ठाणे शहर के कलवा पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR को कुछ देर पहले इसे क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा दो अन्य केस मुंबई और पुणे में भी दर्ज हुए हैं और उन्हें भी क्राइम ब्रांच को सौंपा जा रहा है।

    उल्लेखनीय है कि, मराठी अभिनेत्री ने शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार के खिलाफ फेसबुक पर एक “अपमानजनक” पोस्ट साझा की थी।  यह पोस्ट मराठी में लिखा गया था। इसमें राकांपा प्रमुख का पूरा नाम नहीं लिखा है। लेकिन इसमें पवार उपनाम और 80 वर्ष की आयु लिखी है। राकांपा नेता 81 वर्ष के हैं। ‘‘नरक इंतजार कर रहा है” और ‘‘आप ब्राह्मणों से नफरत करते हैं” जैसी टिप्पणियां पोस्ट में लिखी हैं जो कथित तौर पर वरिष्ठ नेता की आलोचना है। 

    एनसीपी के नेताओं ने की सख्त कार्रवाई मांग 

    मराठी अभिनेत्री केतकी चिताले द्वारा फेसबुक पर एक ‘‘अपमानजनक” पोस्ट साझा करने पर एनसीपी के नेताओं ने शनिवार को कड़ी आपत्ति जताई  और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।  महाराष्ट्र के आवासीय विकास मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि, राकांपा से जुड़े युवा इस पोस्ट के संबंध में महाराष्ट्र में ‘‘कम से कम 100-200” पुलिस थानों में मामले दर्ज कराएंगे। कुछ राकांपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर पवार के खिलाफ की जा रही ऐसी टिप्पणियों को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जोड़ा है।